Patna से Bhagalpur तक भारी Investment, Bihar में स्थापित हो रहीं 59 नई औद्योगिक इकाइयां

bihar
AI Image

बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिल रही है। राज्य के विभिन्न जिलों में बियाडा के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 प्रमुख और बाहर 19 बड़ी परियोजनाएं संचालित या प्रस्तावित हैं। भागलपुर में अडाणी पावर की 28,225 करोड़ रुपये की परियोजना सहित अन्य विनिर्माण इकाइयों से राज्य में स्थानीय युवाओं के लिए हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

पटना। बिहार अब अपनी पारंपरिक कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के साथ औद्योगिक विकास की नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित हो रही औद्योगिक इकाइयां, बड़े निवेश प्रस्ताव और निर्माणाधीन परियोजनाएं इस बदलाव की कहानी बयां कर रही हैं। खाद्य प्रसंस्करण, सीमेंट, ऊर्जा, बायोफ्यूल, प्लास्टिक, डेयरी, आईटी, टेक्सटाइल और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे क्षेत्रों में निवेश से बिहार के औद्योगिक परिदृश्य में व्यापक बदलाव की उम्मीद जगी है। सरकार की कोशिश है कि स्थानीय रोजगार और कौशल प्रशिक्षण को प्राथमिकता मिले, तथा कच्चे माल की सप्लाई चेन किसानों व छोटे उद्यमियों से जुड़े। बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 में BIADA दरों पर भूमि रियायत और प्रोत्साहन संबंधी प्रावधान भी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें: बिहार मतलब उद्योग: सीमेंट से ऊर्जा उत्पादन तक बड़ी परियोजनाओं में हजारों करोड़ का निवेश, रोजगार के नए अवसर

उपलब्ध परियोजना विवरण के मुताबिक, BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 प्रमुख इकाइयों का उल्लेख है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों से बाहर भी 19 बड़ी परियोजनाएं प्रस्तावित या संचालित हैं। इन परियोजनाओं में कई राष्ट्रीय और बड़ी निजी कंपनियां शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि बिहार में निवेश का दायरा अब केवल कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में औद्योगिक गतिविधियां फैल रही हैं।

पटना और आसपास के क्षेत्रों में तकनीक से लेकर खाद्य उद्योग तक विस्तार

राजधानी पटना और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं। फतुहा में सुप्रीम इंडस्ट्रीज की प्लास्टिक उत्पाद इकाई और डेयरी प्रसंस्करण परियोजना, बिहटा-सिकंदरपुर में हल्दीराम की नमकीन, मिठाई और स्नैक्स निर्माण इकाई तथा सीटीआरएलएस का डेटा सेंटर इस विकास की अहम कड़ियां हैं। वहीं, एम्पेरा लाइफ इंडिया की बायोसेंसर और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों से जुड़ी 5,600 करोड़ रुपये की परियोजना विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इसके अतिरिक्त पटना में चावल मिल, दाल मिल, मक्का प्रसंस्करण, पेपर मिल और मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल जैसी परियोजनाएं भी दर्ज हैं।

मुजफ्फरपुर, बेगूसराय और दरभंगा बन रहे औद्योगिक गतिविधियों के केंद्र

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर और बरियारपुर क्षेत्र में सीमेंट ग्राइंडिंग, इथेनॉल, कंप्रेस्ड बायोगैस, सोलर मॉड्यूल और निर्माण सामग्री से जुड़ी परियोजनाएं सामने आई हैं। बेगूसराय में वरुण बेवरेजेज, प्रिंस पाइप्स, ईपीआईसी एग्रो प्रोडक्ट्स और न्यू वे होम जैसी इकाइयां खाद्य प्रसंस्करण, प्लास्टिक और इथेनॉल क्षेत्र को मजबूती दे रही हैं। खगड़िया में प्रिस्टीन मेगा फूड पार्क के माध्यम से मक्का आधारित उद्योग और कृषि लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने की संभावना है। दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में सीमेंट, बायोफ्यूल, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग, टेक्सटाइल और डेयरी उद्योग से जुड़ी परियोजनाएं औद्योगिक गतिविधियों का नया आधार तैयार कर रही हैं।

इसे भी पढ़ें: अपराध और भ्रष्टाचार से नहीं होगा कोई समझौता, Nishant Kumar ने कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा

भागलपुर से पूर्णिया तक निवेश का विस्तार

भागलपुर के पीरपैंती में अडाणी पावर की 28,225 करोड़ रुपये की ताप विद्युत परियोजना सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स पार्क का निर्माण भी जारी है, जिसकी लगभग 80 प्रतिशत निर्माण प्रगति दर्ज की गई है। गोपालगंज में चीनी, इथेनॉल, डेयरी, होटल और वेयरहाउसिंग से जुड़ी इकाइयां सक्रिय हैं। पूर्णिया के बनमनखी में सिट्रिक एसिड निर्माण तथा अररिया के फारबिसगंज में खाद्य प्रसंस्करण इकाई महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं।

निवेश के साथ रोजगार की उम्मीद

इन परियोजनाओं का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रोजगार सृजन है। दस्तावेजों में कई इकाइयों के लिए सैकड़ों से लेकर हजारों तक रोजगार के अवसर दर्ज हैं। सीमेंट, खाद्य प्रसंस्करण, ऊर्जा, डेयरी और तकनीकी उद्योगों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़