खगड़िया में Bihar Police और STF से मुठभेड़ के बाद एक लाख का इनामी मिथिलेश महतो गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

खगड़िया जिले में सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान जवाबी गोलीबारी में पैर में गोली लगने के बाद वांछित अपराधी को पकड़ लिया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी हत्या के कई मामलों में शामिल रहा है और एक तिहरे हत्याकांड की चश्मदीद गवाह की हत्या की साजिश रच रहा था। घायल अवस्था में उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद एक इनामी वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र के भदास गांव निवासी मिथिलेश महतो के रूप में हुई है और वह हत्या के कई मामलों में कथित तौर पर संलिप्त था।

आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम था। बिहार एसटीएफ (विशेष कार्य बल) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान महतो के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे पुलिस हिरासत में लेकर इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।

बयान के अनुसार, बिहार एसटीएफ और खगड़िया पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। यह सूचना मिली थी कि महतो 10 वर्षीय बच्ची परी कुमारी की हत्या की योजना बना रहा था। परी इस साल जून में चौथम थाने में दर्ज तिहरे हत्याकांड की चश्मदीद गवाह है।

इस घटना में वह भी घायल हुई थी, लेकिन इलाज के बाद उसकी जान बच गई थी। खगड़िया पुलिस द्वारा जारी एक अन्य बयान में कहा गया है कि संयुक्त टीम द्वारा घेराबंदी और गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान आरोपी ने पुलिस बल पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में महतो के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। एसटीएफ के बयान में कहा गया है कि महतो और उसके सहयोगियों ने जून में एक परिवार के तीन सदस्यों जयकांत पासवान, पार्वती देवी और रचना कुमारी पर हथौड़े से हमला कर तथा धारदार हथियार से उनका गला रेतकर कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी थी।

एसटीएफ ने उसके पास से एक देसी नौ एमएम की पिस्तौल, .315 बोर का एक आग्नेयास्त्र, छह कारतूस, चार खोखे, दो मोबाइल फोन, एक चाकू, एक हथौड़ा, 17,250 रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। बिहार एसटीएफ के अनुसार, महतो को इससे पहले 2015 में उत्तरी दिल्ली में अपने मकान मालिक के परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में मृतकों की पहचान चंदू लाल (70), गुल्लो देवी (65) और राकेश कुमार (30) के रूप में हुई थी, जिनकी धारदार हथियार से हत्या की गई थी।

बयान में कहा गया है कि नौ साल जेल में बिताने के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि नवंबर 2024 में उसने पुराने विवाद को लेकर खगड़िया के गंगौर थाना क्षेत्र में अजय कुमार साह नामक व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर उसके शव को दफना दिया था। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था और इस वर्ष ही उसे रिहा किया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़