BJP के Jharkhand Bandh से राज्य में जनजीवन ठप, पुलिस कार्रवाई का विरोध

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग के विरोध में मंगलवार को पूरे राज्य में व्यावसायिक प्रतिष्ठान और स्कूल बंद रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि यह बंद सुबह आठ बजे से आधी रात तक प्रभावी रहेगा, जबकि आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है। इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भी घटना की निंदा करते हुए नए विधानसभा परिसर तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राज्य विधानसभा की ओर मार्च कर रहे अभ्यर्थियों पर की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत बंद से मंगलवार को जनजीवन प्रभावित रहा। राज्य के अधिकतर स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि राजधानी रांची सहित कई अन्य शहरों में वाहनों की आवाजाही बेहद कम रही। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि सोमवार को रांची में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा पानी की बौछार करने, आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज करने के विरोध में यह बंद बुलाया गया है।

उन्होंने कहा कि बंद सुबह आठ बजे से आधी रात तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया है। भाजपा ने पुलिस की कार्रवाई को छात्रों के खिलाफ ‘अत्याचार’ करार दिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की शिकायतों का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ बल प्रयोग कर रही है।

पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग का भी समर्थन किया है। इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और ‘विधानसभा मार्च’ की घोषणा की है। एबीवीपी कार्यकर्ता पुरानी विधानसभा से नयी विधानसभा परिसर तक मार्च निकालेंगे।

रांची में सोमवार को तनावपूर्ण स्थिति के बाद भाजपा ने बंद का आह्वान किया है। सोमवार को हजारों अभ्यर्थी विधानसभा मार्च में शामिल हुए थे। इस दौरान कई अवरोधक तोड़ दिए गए और प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प भी हुई थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़