Lakshya Sen ने Koki Watanabe को हराकर जीता Kumamoto Masters का खिताब

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

भारतीय शटलर लक्ष्य सेन ने जापान के कुमामोतो में पुरुष एकल फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी कोकी वातानाबे को तीन गेम में हरा दिया। इस जीत के साथ उन्होंने हांगझोउ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। सुपर 500 टूर्नामेंट जीतने से मिले 9,200 अंकों के दम पर वह रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच जाएंगे।

भारत के लक्ष्य सेन ने बीडब्ल्यूएफ टूर पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए रविवार को यहां पुरुष एकल के फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी कोकी वातानाबे को हराकर कुमामोतो मास्टर्स जापान ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीता। हाल में जर्मनी में हाइलो ओपन जीतने वाले विश्व में 13वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य ने वातानाबे के खिलाफ पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और एक घंटे और चार मिनट तक चले मैच में 13-21, 21-18, 21-14 से जीत हासिल की। इससे उन्होंने हांगझोउ में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।

आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य इस टूर्नामेंट से पहले 64,980 अंकों के साथ ‘रेस टू फाइनल्स रैंकिंग’ में 12वें स्थान पर थे और सत्र के आखिर में होने वाली प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने के लिए उन्हें शीर्ष आठ में जगह बनाना जरूरी था। इस सुपर 500 प्रतियोगिता में जीत हासिल करने से लक्ष्य को 9,200 अंक मिले, जिससे वह मंगलवार को रैंकिंग के अपडेट होने पर 74,180 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच जाएंगे। हांगझोउ के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ हालांकि अभी खत्म नहीं हुई है, क्योंकि हांगकांग ओपन (17-22 नवंबर) आखिरी क्वालीफाइंग प्रतियोगिता है।

लक्ष्य का फाइनल से पहले वातानाबे के खिलाफ रिकॉर्ड 3-2 था लेकिन जापान के खिलाड़ी ने पिछले दो मैच में जीत हासिल की थी। पहले गेम में लक्ष्य के लापरवाह रवैये के चलते वातानाबे ने 3-0 की बढ़त बना ली। जापानी खिलाड़ी ने सटीक स्मैश लगाते हुए गति में बदलाव किया।

उन्होंने बार-बार लक्ष्य के फोरहैंड साइड पर सीधे स्मैश मारकर स्कोर 6-1 कर दिया। इसके लक्ष्य ने बढ़त को कम करते हुए स्कोर 5-8 कर दिया लेकिन जल्द ही वह 5-10 से पीछे गए। वातानाबे ने इंटरवल तक पांच अंक की बढ़त बना रखी थी।

लक्ष्य ने वापसी करते हुए स्कोर 11-12 कर दिया लेकिन वातानाबे ने पहले 15-11 और फिर 18-12 की बढ़त बना ली। जापानी खिलाड़ी ने जल्द ही एक और सीधे रिटर्न शॉट से आठ गेम प्वाइंट हासिल किए और दूसरे पर गेम अपने नाम कर दिया। लक्ष्य ने दूसरे गेम में अच्छी शुरुआत की और जल्द ही 5-0 की बढ़त बना ली।

भारतीय खिलाड़ी ने नेट पर अपना दबदबा कायम रखा और अपने प्रतिद्वंदी को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया। लक्ष्य इंटरवल तक पांच अंक से आगे थे। उन्होंने इसके बाद अपनी बढ़त 15-10 कर दी।

जापानी खिलाड़ी ने 10-19 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए स्कोर 17-19 कर दिया, लेकिन लक्ष्य ने जल्द ही एक तेज़ पुश शॉट से तीन गेम प्वाइंट हासिल कर लिए। उन्होंने एक जोरदार और सटीक स्मैश लगाकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ रोमांचक रैलियां देखने को मिली।

लक्ष्य ने 3-3 के स्कोर से आगे बढ़ते हुए 9-6 की बढ़त बना ली और वह इंटरवल तक चार अंक की बढ़त पर थे। भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद 17-7 की बढ़त हासिल कर ली लेकिन जापानी खिलाड़ी हार मानने के लिए तैयार नहीं था और उन्होंने स्कोर 13-19 कर दिया। लक्ष्य ने दो शानदार रिटर्न लगाकर सात मैच प्वाइंट हासिल किए और दूसरे मौके पर क्रॉस-कोर्ट विनर के साथ मैच अपने नाम कर लिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़