मणिपुर में भाजपा का प्रदर्शन सुशासन में लोगों के भरोसे का गवाह है : शारदा देवी

Sharda Devi

भारतीय जनता पार्टी की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी का शानदार प्रदर्शन लोगों में उसकी स्वीकार्यता और इसके सुशासन को प्रतिबिम्बित करता है।

इम्फाल। भारतीय जनता पार्टी की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष ए. शारदा देवी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य विधानसभा चुनावों में पार्टी का शानदार प्रदर्शन लोगों में उसकी स्वीकार्यता और इसके सुशासन को प्रतिबिम्बित करता है। साठ-सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में अब तक प्राप्त रुझानों और भाजपा के ‘संभावित’ प्रदर्शन से प्रफुल्लित पाटी की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी न केवल अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जरूरी सीट हासिल करेगी, बल्कि प्रतिद्ंद्वी दलों की बड़ी हस्तियों को भी परास्त करेगी। शारदा देवी ने पीटीआई-को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘इस बार हम उन इलाकों में भी अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हुए हैं, जहां हम पहले नहीं जीत सके थे।

इसे भी पढ़ें: लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 817 अंक उछला

पार्टी ने उन क्षेत्रों की ज्यादातर सीटें जीती हैं, जिन्हें कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। यह प्रदर्शित करता है कि मणिपुर के लोगों ने हमें और हमारे शासन को स्वीकार कर लिया है।’’ यद्यपि अंतिम चुनाव परिणाम की प्रतीक्षा है, लेकिन उन्होंने पार्टी को राज्य में बहुमत मिलने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘‘चालीस से अधिक सीट जीतने के लक्ष्य के अलावा, हमने इस चुनाव में अन्य दलों के बड़े विरोधियों को हराने का भी लक्ष्य रखा था। मेरा मानना है कि हमने वह लक्ष्य भी हासिल कर लिया है।’’ यह पूछे जाने पर कि आखिर मुख्यमंत्री कौन होगा और क्या पार्टी खुद से सरकार बनाएगी या घटक दलों को शामिल करेगी, शारदा देवी ने कहा, ‘‘इसका फैसला आने वाले में हमारा संसदीय बोर्ड करेगा।’’ उन्होंने कहा कि एनपीएफ और एनपीपी जैसे स्थानीय दलों ने भी भाजपा को समर्थन के संकेत दिये हैं। यह पूछे जाने पर कि वह महज तीन सीटों पर बढ़त बना रही कांग्रेस को क्या संदेश देना चाहेंगी, पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि मणिपुर की जनता ही राज्य के भविष्य, वृद्धि और विकास का निर्धारण करती है और निर्वाचित सदस्य केवल जनता के आदेश का पालन करते हैं।

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की JDU ने 22 साल बाद दोहराया इतिहास, पहली बार मणिपुर में 7 सीटों पर दर्ज की जीत

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए।’’ मणिपुर में मतगणना कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल के बीच बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई। वर्ष 2017 में हुए चुनावों में भाजपा ने 21 सीटें जीती थीं और कांग्रेस को 28 सीटों पर विजयश्री मिली थी, लेकिन भाजपा ने नगा पीपुल्स फ्रंट और नेशनल पीपुल्स पार्टी के चार-चार और लोक जनशक्ति पार्टी के एक विधायक के समर्थन से सरकार बनायी थी। सरकार में कुछ अन्य विधायक भी शामिल थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़