Jaipur में CIPET कराएगा APM-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, पेट्रोकेमिकल नवाचार पर जुटेंगे विशेषज्ञ

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से राजधानी में 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ टिकाऊ विनिर्माण, सुरक्षा तथा कचरा प्रबंधन पर चर्चा करेंगे। साथ ही छात्रों के लिए हैकाथॉन और राष्ट्रीय जागरूकता अभियान भी शुरू होंगे।

जयपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एपीएम-2026’ शनिवार से शुरू होगा जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और उद्योग विशेषज्ञ उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा और टिकाऊ विनिर्माण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आयोजकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इसके अनुसार उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री पर इस 17वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एपीएम-2026 का आयोजन सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट) द्वारा 28 से 30 नवंबर तक किया जा रहा है।

सिपेट के महानिदेशक शिशिर सिन्हा ने बताया कि यह सम्मेलन पेट्रोकेमिकल और पॉलीमर क्षेत्रों में शोध, तकनीकी नवाचार, औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय स्थिरता पर केंद्रित होगा। इस सम्मेलन की विषयवस्तु ‘विकसित भारत 2047 के लिए उन्नत पेट्रोकेमिकल सामग्री, सुरक्षा और स्थिरता’ है। इसमें पद्म विभूषण एम.एम. शर्मा, पद्म भूषण अनिल प्रकाश जोशी और पद्म श्री गणपति डी. यादव तथा आशुतोष शर्मा सहित कई प्रमुख वैज्ञानिक और शिक्षाविद शामिल होंगे।

इसके तकनीकी सत्रों में पेट्रोकेमिकल सामग्री, औद्योगिक सुरक्षा, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, पुनर्चक्रण व इस क्षेत्र में कृत्रिम मेधा (एआई) के उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी। सिपेट अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से ऑनलाइन लर्निंग मंच, छात्रों के लिए वित्तीय सहायता पहल, और राष्ट्रीय जागरूकता अभियान शुरू करेगा। इसके अलावा, यंग इंडिया हैकाथॉन और छात्रों के लिए नवाचार प्रतियोगिताएं भी होंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़