राज्यसभा उपचुनाव : भाजपा ने उम्मीदवार हटाया, कांग्रेस प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन तय

Rajya Sabha

महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिये सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना उम्मीदवार वापस लेने के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रजनी पाटिल का संसद के उच्च सदन के लिये निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।

मुंबई। महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिये सोमवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपना उम्मीदवार वापस लेने के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रजनी पाटिल का संसद के उच्च सदन के लिये निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। मई में कांग्रेस सांसद राजीव सातव के निधन के बाद इस सीट पर उप चुनाव कराना आवश्यक हो गया था। उच्च सदन में उनका कार्यकाल दो अप्रैल 2026 तक था। अगले महीने की चार तारीख को होने वाले उप चुनाव के लिये नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिमतिथि सोमवार (27 सितंबर) थी।

इसे भी पढ़ें: CM शिवराज ने दिग्विजय सिंह को याद दिलाया पुराना नारा , कहा - जब तक रहेंगे दिग्गी, जलती रहेगी डिब्बी

भारतीय जनता पार्टी ने इस उप चुनाव के लिये संजय उपाध्याय को मैदान में उतारा था और अब चुनाव मैदान से उन्हें हटा लिया गया है। इसके बाद पाटिल (62) के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता खुल गया है। इस सीट के लिए दो ही उम्मीदवार थे। उपाध्याय ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से उम्मीदवार वापस लेने की अपील की थी ताकि कांग्रेस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो सकें। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के निर्देशानुसार मैने अपना पर्चा वापस ले लिया है। मेरी उम्मीदवारी वापस लिये जाने का फैसला प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में किया गया।

इसे भी पढ़ें: मेरठ : किसान मजदूर संगठन के मेरठ कमिश्नरी पर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना

पिछले सप्ताह महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और उनकी पार्टी के सहयोगी एवं मंत्री बालासाहेब थोराट ने विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर पाटिल के निर्विरोध निर्वाचन की राह बनाने का आग्रह किया था। महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सदस्य हैं जिनमें से भारतीय जनता पार्टी के पाास 106 सीटें हैं। पाटिल प्रदेश में सत्तारूढ़ महा विकास आघाड़ी की उम्मीदवार हैं, जिसकी अगुवाई शिवसेना कर रही है। कांग्रेस महा विकास आघाड़ी की एक मुख्य घटक है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़