तेलंगाना में परिवार पंजी को लेकर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, अवैध वोट बैंक बचाने का लगाया आरोप

Prabhasakshi Image

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. राम चंद्र राव ने राज्य सरकार द्वारा 'इलेक्ट्रॉनिक परिवार पंजी' लागू करने के फैसले की निंदा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अपने अवैध वोट बैंक को बचाने के लिए जल्दबाजी में परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी कर रही है। राव ने कहा कि भाजपा मतदाता सूची में किसी भी अवैध नागरिक को रहने नहीं देगी।

हैदराबाद, 28 जुलाई भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन. राम चंद्र राव ने राज्य सरकार द्वारा पूरे राज्य में ‘इलेक्ट्रॉनिक परिवार पंजी’ लागू करने के फैसले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान अपने ‘‘अवैध वोट बैंक’’ को बचाने के लिए जल्दबाजी में परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने की तैयारी कर रही है। राव ने इस बात पर बल दिया कि उनकी पार्टी राज्य की मतदाता सूची में एक भी अवैध रोहिंग्या, बांग्लादेशी या पाकिस्तानी नागरिक को रहने नहीं देगी। भाजपा नेता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कांग्रेस, बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) और एमआईएम (मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने दशकों तक अवैध वोट बैंक को संरक्षण दिया है।

अब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है। यही वजह है कि कांग्रेस सरकार पूरी तरह अवैध तरीके से जल्दबाजी में परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने में जुटी है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सड़कों पर और अदालतों में इस लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार है। राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर पूरे राज्य में इलेक्ट्रॉनिक ‘तेलंगाना परिवार पंजी’ का गठन किया है और ‘मी-सेवा’ मंच के जरिए परिवार पंजी प्रमाणपत्र जारी करने की सुविधा शुरू की है।

सरकारी आदेश के अनुसार, नागरिक सेवाओं की उपलब्धता को अधिक सुगम बनाने, परिवार संबंधी विवरणों के सत्यापन में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा परिवारों का आसानी से उपलब्ध होने वाला आधिकारिक अभिलेख तैयार करने के उद्देश्य से सरकार ने परिवार पंजी लागू करने का निर्णय लिया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़