मणिपुर में भाजपा की जीत, मुख्यमंत्री का फैसला होना अभी बाकी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में स्पष्ट जीत हासिल की है और 60 सीटों में 32 सीटों पर जीत दर्ज की। विपक्षी दल कांग्रेस अपना अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन करते हुए सिर्फ पांच सीटों पर सिमट गई जबकि 2017 में वह सबसे बड़ी पार्टी थी।
इंफाल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में स्पष्ट जीत हासिल की है और 60 सीटों में 32 सीटों पर जीत दर्ज की। विपक्षी दल कांग्रेस अपना अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन करते हुए सिर्फ पांच सीटों पर सिमट गई जबकि 2017 में वह सबसे बड़ी पार्टी थी। हालांकि, तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके ओ इबोबी सिंह ने थौबल सीट से जीत हासिल की। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने छह और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने सात सीटें जीती। नगा पीपुल्स फ्रंट को पांच सीटें मिली। जद(यू) को पिछले चुनाव में जीत नहीं मिली थी। दो सीटों पर कूकी पीपुल्स अलायंस को जीत मिली है। तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। सूत्रों ने कहा कि मणिपुर में मतगणना धीमी रही क्योंकि तकनीकी गड़बड़ी और आपत्तियों के कारण इस प्रक्रिया में देरी हुई। इस बार भाजपा का मत प्रतिशत 37.8 फीसदी रहा। कांग्रेस अपने खराब प्रदर्शन के बावजूद 16.8 प्रतिशत मत पाकर सम्मानजनक प्रदर्शन करने में सफल रही।
इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 255 सीटों पर जीत हासिल की, सपा के खाते में 110 सीटें
भाजपा की प्रदेश इकाई की प्रमुख ए. शारदा देवी से जब यह पूछा गया कि क्या कोई नया मुख्यमंत्री होगा या एन. बीरेन सिंह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘एक राष्ट्रीय दल के रूप में हमारे पास एक संसदीय बोर्ड है, जो राज्य इकाई के पदाधिकारियों के परामर्श से तय करेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।’’
इसे भी पढ़ें: देश के कोने-कोने तक पहुंचे डिजिटल प्रौद्योगिकी का लाभ: सीतारमण
भाजपा ने मणिपुर में 2017 में सिर्फ 21 सीट जीतने के बावजूद, क्षेत्रीय दलों एनपीपी और एनपीएफ के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। विधानसभा में भाजपा की ताकत बाद में बढ़कर 28 हो गई थी। बीरेन सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘गठबंधन एक ऐसा विषय है जिस पर केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा।’’ जबकि पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों सहयोगी दल भाजपा को समर्थन देने की पेशकश कर चुके हैं।
अन्य न्यूज़













