Karthigai Deepam विवाद पर Nainar Nagendran की चेतावनी, CM Vijay भुगतेंगे कानूनी परिणाम

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने से रोकने को उच्चतम न्यायालय के आदेश का उल्लंघन बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय निष्पक्षता के अभाव में काम कर रहे हैं और उन्हें इसके कानूनी नतीजे भुगतने होंगे। नागेंद्रन ने मामले में शामिल जिला कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों की भी जवाबदेही तय करने की मांग की।
(फोटो के साथ) पेरंबलूर, 25 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बुधवार को कहा कि टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्तंभ पर कार्तिगई महादीपम नहीं जलाए जाने को लेकर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को कानूनी परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। नागेंद्रन ने संवाददाताओं से कहा कि यह घटना केवल हिंदू विरोधी नहीं है, बल्कि संविधान का भी उल्लंघन है।
उनका यह बयान तमिलनाडु सरकार द्वारा उच्चतम न्यायालय के 21 नवंबर के आदेश को लागू करने में विफल रहने के बाद आया है। शीर्ष अदालत ने 24 नवंबर को एक बार के उपाय के तौर पर तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ दीपथून पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। यह विवाद पहाड़ी की चोटी पर स्थित स्थान पर पारंपरिक रूप से कार्तिगई दीपम जलाने की प्रथा और कानून-व्यवस्था संबंधी प्रतिबंधों तथा परंपराओं का हवाला देते हुए इस निर्देश को लागू करने पर राज्य के अधिकारियों की आपत्तियों को लेकर है।
विजय पर सीधे निशाना साधते हुए नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री की परिपक्वता और निष्पक्षता पर सवाल उठाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया, मेरे आकलन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री में सभी को समान रूप से देखने के लिए आवश्यक परिपक्वता, उदारता और मानसिकता का अभाव है। मुझे लगता है कि वह कुछ राजनीतिक दलों की साजिशों में फंसकर खुद को बर्बाद कर रहे हैं।
उन्होंने इस मामले में शामिल जिला कलेक्टर, पुलिस और अन्य अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें अपने कृत्यों का जवाब देना होगा। नागेंद्रन ने कहा, इस मामले को सामान्य घटना बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस असंवैधानिक रवैये और उच्चतम न्यायालय के आदेश की अवहेलना के लिए विजय को अनिवार्य रूप से कानूनी परिणाम भुगतने होंगे।
मदुरै की पहाड़ी तिरुप्परनकुंद्रम तमिलनाडु के प्रमुख हिंदू तीर्थस्थलों में से एक है। यहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है। इस पहाड़ी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह और शिखर के पास एक मस्जिद भी है।
हालांकि, दोनों धर्मों के धार्मिक स्थल कई पीढ़ियों से साथ-साथ मौजूद हैं, लेकिन जमीन के मालिकाना हक, वहां तक पहुंच और धार्मिक अधिकारों को लेकर समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं। मद्रास उच्च न्यायालय ने 1920 से संबंधित दीवानी अदालत और प्रिवी काउंसिल के फैसलों के आधार पर अपने निर्णयों में कहा है कि दरगाह और नेल्लीथोप दफन स्थल सहित विशेष रूप से निर्धारित क्षेत्रों को छोड़कर पहाड़ी के अधिकांश हिस्से का मालिकाना हक मंदिर के पास है। विवाद का ताजा कारण उचिपिल्लयार मंडपम से आगे किसी स्थान पर कार्तिगई दीपम जलाने की मांग है।
करीब चार दशक से दरगाह प्रबंधन, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (एचआर एंड सीई) के नियंत्रण वाले मंदिर और तमिलनाडु के प्रमुख राजनीतिक दल इस अनुष्ठान को दूसरे स्थान पर ले जाने का विरोध करते रहे हैं। वहीं, भाजपा, हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं के एक वर्ग ने दीपथून जैसे ऊंचे स्थान पर दीपम जलाने की अनुमति देने की मांग की है। उनका तर्क है कि मंडपम पहाड़ी की चोटी पर स्थित नहीं है और श्रद्धालुओं को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर दीपम जलाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
इस विवाद का इतिहास सांप्रदायिक तनाव से भी जुड़ा रहा है। इसमें 1990 के दशक की शुरुआत में इस अभियान का नेतृत्व करने वाले हिंदू मुन्नणि नेता राजगोपालन की हत्या भी शामिल है। हिंदू मुन्नणि तमिलनाडु में सक्रिय एक धार्मिक, सामाजिक और हिंदुत्ववादी संगठन है।
अन्य न्यूज़














