पंजाब में सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा : बी एल संतोष

 BL Santosh

भारतीय जनता पार्टी के संगठन महासचिव बी एल संतोष ने कहा है कि पार्टी प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार का गठन करेगी।

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के संगठन महासचिव बी एल संतोष ने कहा है कि पार्टी प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में सरकार का गठन करेगी। प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के आलोक में भारतीय जनता पार्टी की राज्य इकाई के साथ बैठक करने यहां पहुंचे संतोष ने यह घोषणा की। संगठन महासचिव ने पार्टी के राज्य नेताओं एवं अन्य के साथ भी बैठक की और प्रदेश की राजनीति पर चर्चा हुयी। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये संतोष ने कहा कि पूरा का पूरा विपक्ष कोई चाल चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने का प्रयास कर रहा है।

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित, 476 पदों के लिए शनिवार को होगा मतदान

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। संगठन महासचिव ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष का गलत प्रचार जल्दी ही खत्म हो जायेगा क्योंकि किसानों को यह महसूस हो गया है कि इन कानूनों से समृद्धि आयेगी। मुख्य रूप से पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश के किसान तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली सीमा पर धरना दे रहे हैं और इन्हें वापस लिये जाने की मांग कर रहे हैं। संतोष ने कहा कि मोदी हमेशा से किसानों के समर्थक रहे हैं और कृषि क्षेत्र का हित उनकी तथा उनकी सरकार की प्राथमिकता में है।

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश की खबरें: मंत्री नंद गोपाल ने वरासत, सीमांकन और दाखिल खारिज के मामलों का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिये कई कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की लहर है और पंजाब की जनता राज्य में भी भाजपा की सरकार बनाने की इच्छुक है। संतोष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में सभी 117 सीटों पर विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और लोगों के सहयोग से 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव जीतेगी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम, पंजाब के भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा एवं अन्य नेता मौजूद थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़