Brij Bhushan Sharan Singh ने चंद्रशेखर और Owaisi के गठबंधन पर साधा निशाना, बताया बेमेल

भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शनिवार को भदोही में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के चुनावी गठजोड़ को पूरी तरह बेमेल करार दिया। उन्होंने दावा किया कि दोनों नेताओं के बीच किसी भी मुद्दे पर आपसी सहमति नहीं बन सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला।
गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के चुनावी गठबंधन को बेमेल करार देते हुए शनिवार को कहा कि इनके बीच सहमति नहीं बन पाएगी। भदोही जिले के ज्ञानपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख दिनेश सिंह के भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने शनिवार देर शाम सारीपुर स्थित उनके आवास पहुंचे भाजपा के पूर्व सांसद ने कहा कि पिछले दिनों लखनऊ में हुई रैली में दलित और मुस्लिम समुदाय के काफी लोग शामिल हुए, लेकिन इस बेमेल गठबंधन में आपसी सहमति नहीं बन पाएगी। बृजभूषण शरण सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल को जनभावनाओं की समझ नहीं है और न ही उनकी कोई स्पष्ट सोच है।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक की सरकारों के कार्यकाल में ऐसे अवसर आए, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष ने राजनीति से ऊपर उठकर विधेयक संसद से पारित कराए। बृजभूषण ने कहा, ‘‘इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था। इसी तरह मंडल आयोग की रिपोर्ट की फाइल लंबे समय तक धूल फांकती रही।
पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह ने तमाम विरोध के बावजूद इसे लागू किया और आज इसका लाभ वंचित वर्गों को मिल रहा है।’’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महिला आरक्षण विधेयक को चुनावी विधेयक बता रहे हैं, उन्हें भी सभी के साथ मिलकर इसे आधी आबादी के हित में पारित कराने का प्रयास करना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि तीर कमान से निकल चुका है और महिला आरक्षण विधेयक पारित होकर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ दूरदर्शी नेता इसका समर्थन कर रहे हैं।
अन्य न्यूज़













