धर्मनगरी अयोध्या से बसपा ने मिशन-2022 का आगाज करके चौंकाया

BSP
अजेय कुमार । Jul 23 2021 2:28PM

बसपा आज अयोध्या से ब्राह्मण विचार संगोष्ठी का आगाज करने जा रही है इसके पश्चात इन 24-25 जुलाई को अंबेडकरनगर, 26 जुलाई को प्रयागराज, 27 जुलाई को कौशांबी, 28 जुलाई को प्रतापगढ़, 29 जुलाई को सुलतानपुर में बसपा ब्राह्मण विचार संगोष्ठी आयोजित करेगी।

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी ने भले ही कभी भी अयोध्या में प्रभु श्री राम का मंदिर बने इसकी वकालत नहीं की हो, बसपा के संस्थापक काशीराम तो प्रभु राज की जन्मस्थली पर मंदिर की जगह कुछ और ही बनवाना चाहते थे, लेकिन आज वोट बैंक की सियासत के चलते बसपा भी कहने लगी है कि भगवान श्री राम तो सबके हैं। इतना ही नहीं पहली बार बसपा मिशन-2022 का आगाज भी प्रभु श्री राम की नगरी अयोघ्या से कर रही है। प्रभु राम की नगरी अयोध्या से बहुजन समाज पार्टी के मिशन 2022 की शुरुआत करके बसपा क्षत्रियों और ब्राह्मणों दोनों को लुभाना चाह रही है। बसपा आज अयोध्या से  ब्राह्मण विचार संगोष्ठी का आगाज करने जा रही है इसके पश्चात  इन 24-25 जुलाई  को  अंबेडकरनगर, 26 जुलाई को प्रयागराज, 27 जुलाई  को   कौशांबी, 28 जुलाई   को  प्रतापगढ़, 29 जुलाई  को  सुलतानपुर में बसपा ब्राह्मण विचार संगोष्ठी आयोजित करेगी तो बसपा के महासचिव सतीश चंन्द्र मिश्र रघुकुल के देवा और जन-जन के प्रभु रामलला के दर्शन करके क्षत्रियों के बीच भी राजनैतिक मैसेज पहुंचाने का काम करेंगे। 

इसे भी पढ़ें: योगी के मंत्री बोले- राम मंदिर को लेकर कांशीराम के विवादित बयान पर माफी मांगे मायावती

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र अयोघ्या पहुंच गए हैं,जहां उन्हांने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि भगवान श्रीराम तो सबके हैं। हम भी उनका आशीर्वाद लेने आए हैं।इसके साथ ही उन्होंने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। अयोध्या में हनुमान गढ़ी तथा श्रीरामलला जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मिश्र ने कहा कि बसपा ने तो उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सबसे बड़ा गठबंधन कर लिया है। मिश्र ने कहा कि 2022 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जनता से गठबंधन कानपुर के बिकरू कांड में विकास दुबे के भतीजे की पत्नी खुशी दुबे की जमानत के बारे में उन्होंने कहा कि हम तो बाराबंकी जेल में बंद खुशी दुबे की हर संभव मदद करेंगे। बसपा की 29 जुलाई तक प्रदेश के पांच जिलों में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित कराने की योजना है। इसके संयोजक सतीश चंद्र मिश्र हैं।

इसे भी पढ़ें: बसपा नेता मायावती ने जासूसी मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग की

अयोध्या के हनुमानगढ़ी में अखाड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्ष महंत ज्ञानदास के उत्तराधिकारी संजय दास की अगुवाई में बसपा के नेता सतीश चंद्र मिश्रा का स्वागत किया गया। महंत संजय दास ने कहा कि हनुमानगढ़ी सभी भक्तों की है। जो भी यहां आएगा, हम सभी का स्वागत करते हैं। हमें राजनीति से कोई मतलब नहीं है। अयोध्या में आज से होने वाले विशाल ब्राह्मण सम्मेलन में बड़ा उलटफेर हुआ है। विशाल ब्राह्मण सम्मेलन की जगह अब बसपा विचार संगोष्ठी होगी। हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता द्वारा जिला प्रशासन से की गई शिकायत और न्यायालय की एडवाइजरी के बाद बसपा ने कार्यक्रम की रूपरेखा बदल दी है। प्रशासन ने कहा कि इसमें केवल 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति है।

 गौरतलब हो, ब्राह्मण समाज को फिर से जागरूक करके बसपा 2007 के सोशल इंजीनियरिंग के पुराने फार्मूले को दोहराना चाहती है। पार्टी का दावा है कि ब्राह्मणों का हित सिर्फ बसपा सरकार में ही सुरक्षित रह सकता है। मिश्र ने बताया कि ब्राह्मण समाज के लोग अपने मान-सम्मान, सुरक्षा व तरक्की के लिए फिर से बसपा से जुड़कर सूबे में लोकप्रिय सरकार बनवाएंगे। उन्हें ऐसा विश्वास है। उनका कहना है कि यूपी में जातिगत व धार्मिक द्वेष की भावना से शोषण किया जा रहा है। इससे प्रबुद्ध वर्ग आहत है।सत्ता का 14 वर्ष का वनवास खत्म करने के लिए बसपा अनूठे अंदाज में चुनावी बिगुल फूंकने जा रही है। ब्राह्मणों को साथ जोड़कर 2007 में सत्ता के सिहांसन तक पहुंची बसपा को पूरा भरोसा है कि ब्राह्मण ही उसके लिए फिर ब्रह्मास्त्र हो सकते हैं। सोच का समीकरण कुछ यूं है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव- 2022 में दलित-ब्राह्मण की जोड़ी मुस्लिम को भी भरोसा दिला सकती है कि हाथी में जीतने का दम है। सोशल इंजीनियरिंग का बसपा का यह दांव बेशक पुराना है, लेकिन खास बात यह है कि बसपा मुखिया मायावती भी अब भगवान राम की शरण में हैं। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती इधर लगातार ब्राह्मण समाज को अपनत्व का संदेश देने का कोई मौका छोड़ नहीं रहीं और साथ आने का न्योता भी दे रही हैं। उनका आरोप है कि यूपी में भाजपा की सरकार बनवाने के बाद ब्राह्मण अब पछता रहे हैं। उन्हें साधने के लिए बसपा ने फिर से अपने राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र को आगे किया है। दरअसल, वर्ष 2007 के चुनाव के पहले ब्राह्मण सम्मेलनों से ऐसा माहौल बना था कि बसपा के टिकट से सबसे अधिक ब्राह्मण विधानसभा पहुंचने में सफल हुए थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़