Budget Session 2026 Live Updates । Kharge को बोलने से रोका तो विपक्ष का हंगामा, बिना बहस पास हुआ धन्यवाद प्रस्ताव।

Budget Session 2026 Live Updates
X
एकता । Feb 5 2026 1:06PM

संसद के दोनों सदनों में गतिरोध जारी रहा; राज्यसभा में जनरल नरवणे की किताब का उल्लेख करने की अनुमति न मिलने पर विपक्ष ने वॉकआउट किया, जबकि लोकसभा में हंगामे के बीच धन्यवाद प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया।

बृहस्पतिवार को संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की किताब का हवाला देना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसकी अनुमति नहीं मिली। इसके विरोध में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट (बहिर्गमन) किया। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतंत्र को सही से चलने नहीं दे रही है।

दूसरी ओर, लोकसभा में हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव बिना प्रधानमंत्री के जवाब के ही ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। विपक्षी सदस्य लगातार नारेबाजी कर रहे थे, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बार-बार स्थगित हुई। चीन सीमा विवाद और सांसदों के निलंबन जैसे मुद्दों पर पिछले कई दिनों से संसद में गतिरोध बना हुआ है।

All the updates here:

Feb 05, 2026

18:42

कब्र खोदने वाले नारों पर बरसे पीएम मोदी

संसद के बजट सत्र 2026 में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष के दोहरे मानदंडों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, 'जो लोग दुनिया भर में 'मोहब्बत की दुकान' खोलने का ढिंढोरा पीटते हैं, वही आज सदन में 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' जैसे नफरत भरे नारे लगा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने सवाल उठाया कि यह कौन सी मोहब्बत है जो किसी नागरिक की मौत की कामना करती है? उन्होंने इसे संविधान और मानवता का अपमान बताते हुए कहा कि कांग्रेस की यह नफरत भरी मानसिकता अब देश के सामने पूरी तरह उजागर हो गई है।

Feb 05, 2026

18:40

संसद को तमाशा बना रहा है विपक्ष, दलित और पूर्वोत्तर के सदस्यों का किया अपमान: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में विपक्ष के आचरण की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारियों पर कागज फेंककर सदन को एक तमाशे में बदल दिया गया है। उन्होंने इसे पूर्वोत्तर और आंध्र प्रदेश के एक दलित सदस्य का घोर अपमान बताया। पीएम ने आगे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह से भारत रत्न भूपेन हजारिका के बारे में अशोभनीय बातें की गईं, उससे उन्हें गहरा दुख पहुँचा है। प्रधानमंत्री के अनुसार, विपक्ष का यह व्यवहार न केवल महान विभूतियों का अनादर है, बल्कि आम जनता की भावनाओं के प्रति उनके मन में सम्मान की कमी को भी दर्शाता है।

Feb 05, 2026

18:40

राज्यसभा में बोले पीएम मोदी, कांग्रेस के लिए देश की जनता ही थी सबसे बड़ी 'समस्या'

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस की मानसिकता पर प्रहार करते हुए कहा, 'कांग्रेस ने हमेशा इस देश के नागरिकों को एक समस्या के रूप में देखा है।' अपने दावे की पुष्टि के लिए उन्होंने इंदिरा गांधी के ईरान दौरे के एक भाषण का ज़िक्र किया। पीएम ने कहा, 'इंदिरा गांधी ने अपने भाषण में नेहरू जी के साथ हुई एक बातचीत का हवाला देते हुए बताया था कि जब किसी ने उनके पिता (नेहरू जी) से पूछा कि उनके सामने कितनी समस्याएँ हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, 35 करोड़। उस समय भारत की कुल जनसंख्या ही 35 करोड़ थी। यानी उनके लिए देश की जनता ही सबसे बड़ी समस्या थी।'

Feb 05, 2026

18:39

कांग्रेस की 'सिख विरोधी मानसिकता' फिर उजागर, पीएम मोदी का राहुल गांधी पर प्रहार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे 'सिख विरोधी मानसिकता' वाली पार्टी करार दिया है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिखों से नफरत करती है और लगातार इस समुदाय का अपमान कर रही है। यह तीखी प्रतिक्रिया तब आई जब संसद के बाहर बीजेपी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहा गया। प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी की हालिया टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास और वर्तमान, दोनों ही सिख समुदाय के प्रति अपमानजनक रहा है।

Feb 05, 2026

18:29

घुसपैठियों की वकालत करने वालों को माफ नहीं करेगा देश, पीएम मोदी का TMC पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर तीखा हमला करते हुए कहा, 'टीएमसी के साथियों ने सदन में बहुत कुछ कहा, लेकिन उन्हें आत्मचिंतन करने की जरूरत है। वहां एक ऐसी क्रूर सरकार सत्ता में है जो गिरावट के हर पैमाने पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, और विडंबना देखिए कि वही लोग आज हमें उपदेश दे रहे हैं। वहां की जनता का भविष्य अंधकारमय है, लेकिन राज्य सरकार को केवल सत्ता बचाए रखने की चिंता है। आज जब दुनिया के विकसित देश अपने यहां से अवैध प्रवासियों को निकाल रहे हैं, तब हमारे देश में घुसपैठियों के बचाव के लिए अदालतों तक पर दबाव बनाया जा रहा है। देश का युवा उन लोगों को कभी माफ नहीं करेगा जो घुसपैठियों की पैरवी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।'

Feb 05, 2026

18:24

विपक्ष से बेहतर चर्चा की उम्मीद थी, उन्होंने मौका गंवा दिया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'मैंने पूरी चर्चा को बड़े ध्यान से सुना, लेकिन मुझे लगा कि बहस का स्तर और भी बेहतर हो सकता था, विशेषकर विपक्ष की ओर से। वे लोग लंबे समय तक सत्ता का हिस्सा रहे हैं और उनके पास शासन का अनुभव है, ऐसे में उनसे परिपक्व चर्चा की उम्मीद थी। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने एक बार फिर गरिमापूर्ण बहस का यह अवसर भी गंवा दिया है।

Feb 05, 2026

18:00

विपक्ष की आवाज दबा रही है सरकार, राहुल गांधी को नहीं बोलने दिया जा रहा: खरगे

Feb 05, 2026

17:59

भारत के साथ ट्रेड डील के लिए दुनिया बेताब, पीएम मोदी ने गिनाईं उपलब्धियां

राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज दुनिया के बड़े राष्ट्र भारत के साथ व्यापारिक संबंध बनाने के लिए बेहद उत्सुक हैं। चाहे यूरोपीय संघ के साथ व्यापारिक समझौता हो या अमेरिका के साथ हाल ही में हुई डील... वैश्विक स्तर पर इन समझौतों की सराहना हो रही है। जब हमने यूरोपीय संघ के साथ ट्रेड डील पर हस्ताक्षर किए, तो दुनिया का वैश्विक स्थिरता में विश्वास बढ़ा। वहीं अमेरिका के साथ हुए समझौते ने यह भरोसा दिलाया कि भारत के साथ स्थिरता के साथ-साथ विकास की गति भी सुनिश्चित है। यह संपूर्ण विश्व के लिए एक सकारात्मक संकेत है।

Feb 05, 2026

17:57

'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर सवार हुआ देश, दुनिया का बढ़ा भरोसा: प्रधानमंत्री

राज्यसभा में पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी ऊर्जा का एक बड़ा हिस्सा पिछली गलतियों को सुधारने में लग रहा है। बीते दौर में दुनिया में देश की जो छवि बनी थी, उसे बदलने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है, क्योंकि पुरानी व्यवस्थाओं को बहुत ही जर्जर हालत में छोड़ा गया था। इसीलिए, अब हमने भविष्य को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई हैं। आज देश केवल तदर्थ निर्णयों पर नहीं, बल्कि स्पष्ट 'पॉलिसी' और 'स्ट्रैटेजी' से चल रहा है। यही कारण है कि भारत पर वैश्विक विश्वास बढ़ा है। 'रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म' के मंत्र के साथ आज देश 'रिफॉर्म एक्सप्रेस' पर सवार होकर तेजी से आगे बढ़ रहा है।'

Feb 05, 2026

17:56

भारत ने दुनिया के 9 बड़े देशों और यूरोपीय संघ के साथ किए ऐतिहासिक व्यापारिक समझौते

Feb 05, 2026

17:39

पीएम मोदी ने कहा, दुनिया के लिए 'भरोसेमंद साथी' बना भारत

राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की बढ़ती वैश्विक साख पर जोर देते हुए कहा कि आज भारत केवल एक उभरती शक्ति नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे 'भरोसेमंद साझेदार' बनकर उभरा है। उन्होंने गौरव के साथ कहा कि जहाँ आज पूरी दुनिया 'ग्लोबल साउथ' की चर्चा कर रही है, वहीं भारत उस चर्चा के केंद्र में उनकी सबसे सशक्त और प्रभावी आवाज बनकर विश्व मंच पर नेतृत्व कर रहा है।

Feb 05, 2026

17:37

पीएम मोदी ने बताया अगले 25 सालों का रोडमैप

राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने भविष्य का खाका खींचते हुए कहा कि '21वीं सदी का पहला पड़ाव बीत चुका है, लेकिन अब शुरू होने वाला दूसरा पड़ाव हमारे लिए उतना ही निर्णायक है, जितना पिछली सदी में आजादी की लड़ाई का अंतिम दौर था।' उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह उस दौर ने हमें गुलामी से मुक्ति दिलाई, उसी तरह यह दूसरा क्वार्टर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Feb 05, 2026

17:25

पीएम के भाषण के बीच खाली हुई विपक्षी सीटें

राज्यसभा में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे, तभी सदन में नाटकीय मोड़ आया। पीएम के संबोधन के बीच ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी की और विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।


Feb 05, 2026

17:23

Mallikarjun Kharge से पीएम मोदी की 'खास' गुजारिश

राज्यसभा में विपक्ष के भारी शोर-शराबे के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने अनोखे अंदाज में तंज कसा।


Feb 05, 2026

17:15

मल्लिकार्जुन खड़गे पर पीएम मोदी का सूक्ष्म कटाक्ष

Feb 05, 2026

17:15

विपक्षी सदस्य राज्यसभा से वॉकआउट कर गए

Feb 05, 2026

17:06

देश आज तेज गति से आगे बढ़ रहा: PM मोदी

Feb 05, 2026

17:02

टकराव के बीच प्रधानमंत्री ने उच्च सदन को संबोधित किया

Feb 05, 2026

16:59

विपक्ष की लोकसभा में सत्तापक्ष के सदस्यों पर हमले की योजना थी: गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि विपक्षी सांसदों की बुधवार को लोकसभा में सत्ता पक्ष के सदस्यों पर हमले की योजना थी। लोकसभा में बुधवार को विपक्ष की कुछ महिला सांसदों को सत्तापक्ष की सीटों की तरफ आते हुए देखा गया। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ, जब कई बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देना था। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के समय प्रधानमंत्री सदन में नहीं थे और भाजपा सांसद पी पी चौधरी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए अपनी बात रख रहे थे। 

Feb 05, 2026

16:59

लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

लोकसभा में पिछले चार दिन से जारी गतिरोध की स्थिति बृहस्पतिवार को भी बनी रही और सदन में विपक्ष के हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जवाब के बिना मंजूरी दे दी गई। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कल कांग्रेस के कई सदस्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री सदन में नहीं आए। सदन की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

Feb 05, 2026

16:58

बिरला के बयान पर प्रियंका ने कहा: यह पूरी तरह झूठ और बकवास बात है

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अप्रत्याशित घटना को अंजाम देने की विपक्षी सदस्यों की योजना संबंधी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के दावे को पूरी तरह झूठ और बकवास करार दिया और दावा किया कि ‘‘प्रधानमंत्री अब स्पीकर के पीछे छिप रहे हैं।’’ प्रियंका ने यह आरोप भी लगाया कि जब प्रधानमंत्री सदन में आने की हिम्मत नहीं कर पाए तो लोकसभा अध्यक्ष से झूठ बुलवा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह पूरी तरह झूठ है...इस बात का कोई सवाल ही नहीं है कि प्रधानमंत्री के साथ ऐसा कुछ करने की योजना थी।’’ 

Feb 05, 2026

15:31

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बड़ा बयान

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि मुझे जानकारी मिली थी कि कांग्रेस के सदस्य बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ कोई अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकते थे, ऐसे में मैंने प्रधानमंत्री से सदन में नहीं आने का आग्रह किया। 

Feb 05, 2026

15:31

पिछले दस सालों में देश में कार्य संस्कृति में आया बदलाव

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने कहा कि पिछले दस सालों में देश के भीतर कार्य संस्कृति में बदलाव हुआ है तथा परिणाम आधारित शासन के कारण 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है तथा किसानों की स्थिति में बदलाव आया है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए भारतीय जनता पार्टी की माया नारोलिया ने कहा कि 2026 नये भारत बनने का एक नया चरण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अभिभाषण में गुरु तेगबहादुर जैसे महापुरुषों का स्मरण किया गया है जिससे राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है।

Feb 05, 2026

15:31

नेता प्रतिपक्ष की बात नहीं सुनना चाहते थे प्रधानमंत्री: कांग्रेस

कांग्रेस ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित होने के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि चार दिनों तक निचले सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को जानबूझकर बोलने नहीं दिया गया क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी उनकी बात सुनना नहीं चाहते थे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि विपक्ष में रहते हुए भारतीय जनता पार्टी ने 10 जून, 2004 को तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सदन में बोलने से रोका गया था, जबकि उस वक्त राष्ट्रपति अभिभाषण पर चर्चा पूरी हुई थी। लोकसभा ने बृहस्पतिवार को विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया। 

Feb 05, 2026

15:31

दिवंगत पूर्व सदस्य थॉमस कथिरावत्तोम को दी गई श्रद्धांजलि

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को दिवंगत पूर्व सदस्य थॉमस कथिरावत्तोम को श्रद्धांजलि दी गई जिनका 12 जनवरी 2026 को 80 साल की उम्र में निधन हो गया था। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने थॉमस कथिरावत्तोम के निधन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केरल के चेंगन्नुर में एक जून 1945 को जन्मे थॉमस कथिरावत्तोम ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरूआत छात्र आंदोलन से की थी और जल्द ही केरल की राजनीति में आ गए। उन्होंने कहा कि अपनी सादगी, जनसेवा के लिए प्रतिबद्धता और गरीबों के उत्थान के लिए जाने जाने वाले थॉमस कथिरावत्तोम ने अप्रैल 1985 से अप्रैल 1991 तक उच्च सदन में केरल का प्रतिनिधित्व किया था।

Feb 05, 2026

15:30

लोस में राहुल को बोलने की अनुमति न देने को लेकर रास में हंगामा

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने से रोके जाने का मुद्दा उठाया जिसके बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई और फिर विपक्षी सदस्यों ने विरोध जताते हुए सदन से बहिर्गमन कर दिया। खरगे ने गांधी का मुद्दा उठाया लेकिन जब उन्होंने पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की एक अप्रकाशित किताब के अंश उद्धृत करने की कोशिश की, तो आसन की ओर से उन्हें रोक दिया गया। इस पर विपक्षी सदस्यों ने विरोध जताया और सदन से बहिर्गमन कर गए। इससे पहले कांग्रेस सदस्यों ने मांग की कि सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने दिया जाए। आसन की अनुमति से खरगे ने अपनी बात रखी। 

Feb 05, 2026

13:14

राज्यसभा से विपक्षी सदस्यों ने किया बहिर्गमन

राज्यसभा में बृहस्पतिवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब के अंश उद्धृत करने की अनुमति नहीं दी गई जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया। उच्च सदन की बैठक शुरू होने के कुछ बाद कांग्रेस सदस्यों ने मांग की कि पहले सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बोलने दिया जाए। आसन की अनुमति से खरगे ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संसद के दो सदन हैं, एक लोकसभा और दूसरा सदन राज्यसभा है। खरगे ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्षको बोलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। 

Feb 05, 2026

13:14

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पारित

लोकसभा ने बृहस्पतिवार को विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके तत्काल बाद ही सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। धन्यवाद प्रस्ताव पर सदन में हुई चर्चा का प्रधानमंत्री द्वारा सदन में जवाब देने की परंपरा है, लेकिन गतिरोध की स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जवाब लोकसभा में नहीं हुआ और प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के कारण एक बार के स्थगन के बाद बैठक दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो अध्यक्ष ओम बिरला ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कराए। 

Feb 05, 2026

13:13

निलंबित सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया

संसद के वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किये गये लोकसभा के आठ सदस्यों ने बृहस्पतिवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इन सांसदों ने संसद के मकर द्वार के निकट सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। इन सांसदों ने हाथ में एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ‘‘पीएम इज कंप्रोमाइज्ड’’ लिखा हुआ था। उन्होंने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘नरेन्द्र मोदी, सरेंडर मोदी’ के नारे लगाए। इन सांसदों ने बुधवार को भी संसद परिसर में प्रदर्शन किया था। सदन में आसन की ओर कागज फेंकने के कारण मंगलवार को विपक्ष के आठ सांसदों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया था। निलंबित सांसदों में कांग्रेस के मणिकम टैगोर, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, प्रशांत पडोले, किरण कुमार रेड्डी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एस. वेंकटेशन शामिल हैं।

Feb 05, 2026

13:13

कांग्रेस का कटाक्ष : संसद ‘मन की बात’ के लिए नहीं है

कांग्रेस ने संसद में जारी गतिरोध के बीच बृहस्पतिवार को सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह ‘मन की बात’ वाली सोच से सदन चलाना चाहती है, लेकिन सदन ‘मन की बात’ के लिए नहीं, बल्कि सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की आवाज सुनने के लिए है। मुख्य विपक्षी दल ने इस बात पर भी जोर दिया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं को भी बोलने का मौका मिलना चाहिए। लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक और वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित सांसद मणिकम टैगोर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘सदन में दो आवाजें हैं, एक आवाज सत्तापक्ष की और दूसरी विपक्ष की है। लेकिन विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास हो रहा है। सरकार नहीं चाहती कि विपक्ष की आवाज को मौका मिले।’’ उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘यह सरकार की ‘मन की बात’ वाली सोच है। ‘मन की बात’ रेडियो पर हो सकती है, लेकिन संसद ‘मन की बात’ के लिए नहीं है। संसद में विपक्ष के नेता बोलते हैं और फिर प्रधानमंत्री जवाब दे सकते हैं।’’ 

अन्य न्यूज़