Aqua Line Metro विस्तार को मंजूरी, नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक दौड़ेगी ट्रेन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2,390 करोड़ रुपये की लागत वाली एक्वा लाइन मेट्रो गलियारा विस्तार परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस 8.449 किलोमीटर लंबे नए मार्ग पर पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे और इसे चार साल में पूरा किया जाएगा। इस परियोजना से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख आईटी केंद्रों और मॉल तक आवागमन आसान होगा।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक्वा लाइन मेट्रो रेल गलियारे का विस्तार नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक करने को मंजूरी दे दी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस परियोजना पर 2,390 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। इसमें कहा गया कि इसकी लंबाई 8.449 किलोमीटर होगी और इसमें पांच ‘एलिवेटेड’ स्टेशन बनाए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूर की गई यह परियोजना शहर के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना के फायदों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और लोगों का जीवन आसान होगा। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जैसे-जैसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा का विस्तार हो रहा है, तो फिर रोजाना आने-जाने में अधिक समय क्यों लगना चाहिए?

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। मंत्रिमंडल ने एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसके प्रमुख फायदे हैं- कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों और व्यावसायिक केंद्रों तक आसान पहुंच, यातायात जाम में कमी, यात्रा में कम समय लगना। इससे निश्चित रूप से कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और लोगों का जीवन आसान होगा।’’ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि इस परियोजना को चार साल की अवधि में पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस गलियारे के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल 71.878 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क होगा। बयान में कहा गया कि इससे अधिक मांग वाले मार्गों को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसमें ब्लू लाइन के नोएडा सेक्टर 61 स्थित स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी शामिल होगी।

इसका उद्देश्य नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों को आपस में जोड़ना है। इनमें गौर सिटी मॉल, एच एंड एस मॉल और ग्रेटर नोएडा सेक्टर चार स्थित व्यावसायिक परिसर, नोएडा के सेक्टर 51 में स्थित आईकेईए और सेक्टर 73 में एन्थ्यूरियम मॉल जैसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा टेक महिंद्रा का कार्यालय, नोएडा सेक्टर 60 में टीसीएल टेक का कार्यालय, सेक्टर 73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर चार में गोल्डन आई का कार्यालय एवं व्यावसायिक परिसर के अलावा अन्य प्रमुख बहुराष्ट्रीय कंपनियों (एमएनसी) और आईटी केंद्रों को भी इस मार्ग से जोड़ा जाएगा।

इससे न केवल आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोजगार, कारोबार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले निवासियों एवं यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। सरकार ने कहा कि यह नया गलियारा शहर के विकास में महत्वपूर्ण बदलाव लाने वाला साबित होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़