भाजपा विधायक संगीत सोम पर पीठासीन अधिकारी को पीटने पर मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुक़दमा दर्ज

भाजपा विधायक संगीत सोम
राजीव शर्मा । Feb 12 2022 10:50AM

मतदान के दौरान सलावा गांव में पीठासीन अधिकारी की पिटाई करने के मामले में सरधना से भाजपा प्रत्याशी व विधायक संगीत सोम के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। वेब कैमरा उखाड़कर ले जाने के चलते विधायक पर लूट की धारा भी लगी है।

मेरठ में गुरुवार को चुनाव के दौरान सरधना के सलावा गांव में बूथ पर धीमा मतदान कराने के आरोप में विधायक के समर्थकों ने हंगामा कर दिया था।सूचना पर पहुंचे विधायक संगीत सोम ने बूथ पर मौजूद पीठासीन अधिकारी की पिटाई कर दी थी। संगीत सोम के खिलाफ पीठासीन अधिकारी से मारपीट करने और निर्वाचन कार्य में बाधा डालने समेत लूट का मुकदमा दर्ज कराया गया है। डीएम और एसएसपी के आदेश पर सरधना इंस्पेक्टर ने सात धाराओं में कार्रवाई की है। हालांकि चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस को विधायक का पता नहीं मालूम और अज्ञात पता दिखाया है।

सरधना के सलावा प्राथमिक विद्यालय बूथ नंबर 131 पर 10 फरवरी को मतदान के दौरान पीठासीन अधिकारी की पिटाई हुई थी। घटना के दौरान भाजपा प्रत्याशी विधायक संगीत सोम पर पीठासीन अधिकारी अश्वनी शर्मा को पीटने का आरोप लगा। इसी संबंध में एक मुकदमा सरधना इंस्पेक्टर लक्ष्मण वर्मा की ओर से विधायक संगीत सोम के खिलाफ दर्ज कराया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि हंगामे की सूचना पर वह मतदान बूथ पर पहुंचे थे। यहां पर पीठासीन अधिकारी अश्वनी शर्मा से बातचीत की तो उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक संगीत सोम ने धीमा मतदान होने का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद वहां लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला। साथ ही विधायक के समर्थक सीसीटीवी कैमरा भी लूटकर ले गए।

स्पेक्टर सरधना लक्ष्मण वर्मा के अनुसार ,चुनाव के दौरान मारपीट के मामले में विधायक के खिलाफ लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने, लोकसेवक पर हमला करने, गाली गलौच, निर्वाचन कार्य प्रभावित करने, महामारी अधिनियम और लूट की धारा में कार्रवाई की गई है। जांच चल रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़