Kisan Credit Card घोटाला: 21 साल से फरार आरोपी को CBI ने सूरत से दबोचा

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने राजस्थान में 99 किसान क्रेडिट कार्ड ऋणों की फर्जी मंजूरी से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी कंवर लाल लखोटिया फर्जी दस्तावेजों के सहारे राजकुमार माहेश्वरी नाम रखकर छिप रहा था। यह धोखाधड़ी तत्कालीन स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर की झालू शाखा से संबंधित है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने राजस्थान में 99 किसान कार्ड ऋण को फर्जी तरीके से मंजूर करने एवं उन्हें वितरित करने से जुड़े 2.08 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में 21 सालों से अधिक समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि खुफिया जानकारी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की एक समर्पित टीम के निरंतर प्रयासों के बाद आरोपी कंवर लाल लखोटिया बृहस्पतिवार को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया है कि फरार रहने के दौरान, लखोटिया ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए राजकुमार माहेश्वरी का छद्म नाम रख लिया था और फर्जी पहचान कागजात बनवा लिये थे।
यह धोखाधड़ी राजस्थान के बीकानेर जिले में तत्कालीन स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर (एसबीबीजे) की झालू शाखा में 99 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋणों को कथित तौर पर धोखाधड़ी से मंजूरी देने और वितरण करने से जुड़ी थी। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण किसानों को कृषि और संबद्ध गतिविधियों के लिए समय पर ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए जाते हैं। सीबीआई ने बैंक धोखाधड़ी मामले में लखोटिया को ‘21 साल से अधिक समय से फरार भगोड़ा’ बताया है।
अन्य न्यूज़














