Disha Salian Death: बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद CBI ने दर्ज की FIR

Disha Salian Death: बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद CBI ने दर्ज की FIR
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंबई उच्च न्यायालय ने छह साल तक एफआईआर दर्ज न करने पर मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी को सौंपी थी।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। इस महीने की शुरुआत में बंबई उच्च न्यायालय ने सालियान की मौत की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था और छह साल तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसकी जांच से ‘‘जवाब मिलने के बजाय और सवाल खड़े होते हैं।’’ पीठ ने छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश मौत के रूप में देखने के लिए पुलिस की आलोचना की थी और जांच में ‘‘स्पष्ट विसंगतियों’’ की ओर इशारा किया था।

राजपूत की मैनेजर के रूप में कुछ समय काम कर चुकीं सालियान की आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। राजपूत एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों की मौत की घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।

राजपूत की मौत के बाद मचे हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। एजेंसी ने बाद में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल करते हुए कहा था कि राजपूत की मौत आत्महत्या से हुई थी। हालांकि, संबंधित अदालत ने अभी इस रिपोर्ट पर सुनवाई नहीं की है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़