CDS Raja Subramani बोले देश के खिलाफ छिपे तरीके से Cognitive Warfare चला रहे विरोधी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने नई दिल्ली में आयोजित संगोष्ठी में कहा कि विरोधी देश की इच्छाशक्ति और मनोबल को कमजोर करने के लिए गोपनीय तरीके से संज्ञानात्मक युद्ध छेड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध और शांति के बीच का फर्क अब धुंधला होता जा रहा है और तीनों सेनाओं को मिलकर बहु-क्षेत्रीय अभियानों के लिए तैयार रहना होगा।

प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने शुक्रवार को कहा कि आज युद्ध और शांति के बीच का अंतर धुंधला पड़ रहा है और लगातार टकराव की स्थिति बनी हुई है। शीर्ष सैन्य अधिकारी ने आगाह किया कि साइबर, इलेक्ट्रॉनिक और संज्ञानात्मक क्षेत्रों में युद्ध पहले से ही हो रहा है। यहां युद्ध का भविष्य और बहु-क्षेत्रीय अभियान संचालित करने की भारत की तैयारी विषय पर संबोधन देते हुए उन्होंने बिना विस्तार से बताए कहा, हमारे विरोधी एक छिपे हुए तरीके से हमारे खिलाफ संज्ञानात्मक युद्ध कर रहे हैं, ताकि देश की इच्छाशक्ति और मनोबल को कमजोर किया जा सके।

उन्होंने सभी क्षेत्रों में क्षमताएं मजबूत करने पर जोर दिया। संगोष्ठी में संबोधन के बाद संवाद सत्र के दौरान जनरल ने यह भी कहा कि हम अपनी उत्तरी सीमा पर पूरी तरह तैयार हैं। यह पूछे जाने पर कि चीन ने बुधवार को तीन अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर शेनझोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष यान का सफल प्रक्षेपण किया है, जिसमें पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी शामिल हैं, सीडीएस ने कहा कि चीन की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता बेहतर हो रही है।

उन्होंने कहा कि चीन के पास उपलब्ध स्थान-आधारित नौवहन और अन्य क्षेत्रों से जुड़ी क्षमताएं पाकिस्तान को भी उपलब्ध होंगी और भारत को अपनी रणनीतिक गणना में इसे शामिल करना होगा। उन्होंने वायु शक्ति के महत्व पर भी बात की और कहा कि नौसेना की क्षमता बढ़ाने के लिए अधिक मानवरहित सतही पोतों, पानी के भीतर चलने वाले मानवरहित पोतों और उनकी परिचालन सीमा बढ़ाने वाले सहायक उपकरणों की जरूरत है। सीडीएस ने कहा, हम चाहते हैं कि हमारी डिजाइन प्रक्रिया संयुक्त हो, हमारा रुख बहु-क्षेत्रीय हो, हमारी क्षमता प्रौद्योगिकी से लैस हो, हमारी सोच और कार्रवाई आत्मनिर्भर हो तथा अंत में हमारे पास सक्षम और मानवीय नेतृत्व हो।

पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीडीएस रहे जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने दिल्ली में विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सत्र का संचालन किया। अपने संबोधन में सीडीएस ने युद्ध के भविष्य को आकार देने वाले 10 प्रमुख रुझानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इनमें पहला रुझान युद्धक्षेत्र का लगातार विस्तार होना है।

उन्होंने कहा, दूसरे, युद्ध और शांति के बीच का अंतर लगातार धुंधला पड़ रहा है। हम लगातार टकराव की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा, साइबर, अंतरिक्ष, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और संज्ञानात्मक युद्ध पहले से ही हो रहे हैं।

इसका मतलब है कि ये संघर्ष से पहले भी होंगे, संघर्ष के दौरान भी होंगे और संघर्ष समाप्त होने के बाद भी जारी रहेंगे। इसलिए हम यह नहीं कह सकते कि हम शांति या युद्ध की स्थिति में हैं; हम लगातार टकराव की स्थिति में हैं। सीडीएस ने कहा कि तीनों सेनाओं के साथ समन्वय करके इलेक्ट्रॉनिक युद्ध के ढांचे का आधुनिकीकरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

युद्ध और शांति के बीच अंतर धुंधला होने तथा लगातार टकराव की स्थिति के बारे में विस्तार से बताते हुए उन्होंने कहा, आज भी हमारे विरोधी छिपे हुए तरीके से हमारे खिलाफ संज्ञानात्मक युद्ध कर रहे हैं, ताकि समाज में विभाजन के बीज बोए जा सकें, आंतरिक मतभेद पैदा किए जा सकें और देश की इच्छाशक्ति तथा मनोबल को कमजोर किया जा सके। सीडीएस ने कहा, इसलिए यह जरूरी है कि हम संज्ञानात्मक युद्ध और सूचना युद्ध को समझें। आज एक कमांडर को अभियानों पर जितना समय देना होता है, उतना ही समय सूचना युद्ध पर भी देना होगा।

उन्होंने कहा कि यह कोई सहायक कार्य नहीं, बल्कि कमांडर का प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियानों के लिहाज से यह महत्वपूर्ण आधार स्तंभों में से एक है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में हुए कई संघर्षों का उल्लेख किया, जिनमें अजरबैजान-अर्मेनिया संघर्ष, यूक्रेन संघर्ष और अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष शामिल हैं।

उन्होंने कहा, आर्थिक रूप से दुनिया के एक हिस्से में होने वाले युद्ध का असर हर किसी पर पड़ सकता है... जब हम ईरान-इजराइल युद्ध को देखते हैं, तो पाते हैं कि महत्वपूर्ण खनिजों, उर्वरकों और ऊर्जा के लिहाज से होर्मुज जलडमरूमध्य का बंद होना दुनिया के हर व्यक्ति को प्रभावित कर रहा है और इसके कारण (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप को (अमेरिका के) मध्यावधि चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। इसके अनपेक्षित परिणाम सामने आए। उन्होंने कहा, हमारे लिए इसका एक और अनपेक्षित परिणाम मक्का गठबंधन है।

पाकिस्तान, तुर्किये और सऊदी अरब ने सात अगस्त को मक्का में मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता सामूहिक प्रतिरोध का ढांचा तैयार करता है और इसमें प्रावधान है कि तीनों देशों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला बाकी दोनों देशों पर हमला माना जाएगा। सीडीएस ने ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया और इसके दूसरे चरण को संयुक्त, एकीकृत तथा बहु-क्षेत्रीय अभियानों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत का न केवल तनाव बढ़ने की प्रक्रिया और उस पर अपना वर्चस्व कायम था, बल्कि इसके परिणामस्वरूप भारत को निर्णायक जीत भी मिली। जनरल राजा सुब्रमणि ने प्रौद्योगिकी और युद्ध के बदलते स्वरूप को रेखांकित करते हुए आगाह किया कि तकनीकी श्रेष्ठता केवल अस्थायी होती है और भविष्य के युद्धों के लिए तैयार रहने के वास्ते इसमें लगातार सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक चलने वाले युद्ध को लड़ने और उसे जारी रखने के लिए पूरे देश को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है।

जनरल ने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियानों का मतलब सभी क्षमताओं को एक साथ जोड़ना नहीं है, बल्कि विभिन्न क्षमताओं को इस तरह एकीकृत करना है कि दुश्मन के सामने कई तरह की दुविधाएं खड़ी की जा सकें। उन्होंने कहा कि सैन्य और अंतरिक्ष ढांचे का एकीकरण तथा प्रभावी ढंग से संवाद करने की क्षमता ऐसे अभियान चलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि साइबर रक्षा भी इसका अभिन्न हिस्सा है।

सीडीएस ने कहा कि ऐसे अभियान संचालित करने के लिए एकीकृत कमान और नियंत्रण प्रणाली अनिवार्य है। कई संघर्ष जारी रहने के बीच सैन्य तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा, हमें किसी तयशुदा प्रारूप को नहीं देखना चाहिए। हमें अपना खुद का प्रारूप तैयार करना होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़