उत्तर प्रदेश में 30 IPS अधिकारियों के तबादले, सात ADG समेत कई जिलों के बदले पुलिस कमिश्नर

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में फेरबदल करते हुए 7 एडीजी रैंक समेत 30 आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए। प्रयागराज, वाराणसी और गौतमबुद्ध नगर जैसी अहम कमिश्नरेट के पुलिस प्रमुखों को नई तैनाती दी गई है। जारी आदेश के तहत अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी भी बदले गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार ने सात एडीजी रैंक के अधिकारियों समेत 30 आईपीएस अधिकारियों का शुक्रवार को स्थानांतरण कर दिया जिसमें मोहित अग्रवाल, पीयूष मोर्डिया, रमित शर्मा, प्रवीण कुमार और लक्ष्मी सिंह शामिल हैं। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है। यहां जारी एक बयान के मुताबिक, वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि प्रयागराज के पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) स्थापना बनाया गया है।
इसी तरह, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का एडीजी बनाया गया है, वहीं लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाया गया है। एडीजी (आगरा जोन) के पद पर तैनात रहे एस के भगत का लखनऊ स्थानांतरण किया गया है, जबकि एडीजी (प्रशासन) के पद पर तैनात रहे प्रशांत कुमार को एडीजी (आगरा जोन) बनाया गया है। बयान के मुताबिक, गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद, का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड़ को गौतमबुद्ध नगर का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसमें कहा गया है कि लखनऊ रेंज के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं, डीआईजी (तकनीकी सेवाएं) आशीष तिवारी को सहारनपुर रेंज का डीआईजी बनाया गया है। इसी तरह, अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर मुरादाबाद के नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक होंगे और अयोध्या में उनका स्थान सतपाल लेंगे।
अन्य न्यूज़













