यूपी में बढ़ेगी ओवैसी और राजभर की ताकत, भागीदारी संकल्प मोर्चा को मिला चन्द्रशेखर का साथ

Chandrashekhar
अंकित सिंह । Sep 22 2021 4:37PM

ओमप्रकाश राजभर भागीदारी संकल्प मोर्चा के तहत भाजपा को चुनौती देने की मूड में हैं। ओमप्रकाश राजभर ने आज दावा किया है कि भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण उनकी अगुवाई वाली भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित है। सत्तारूढ़ भाजपा के साथ-साथ विपक्ष भी अपनी चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की कोशिश में जुट गया है। इन सबके बीच कभी भाजपा के सहयोगी रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर भी लगातार आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। ओमप्रकाश राजभर भागीदारी संकल्प मोर्चा के तहत भाजपा को चुनौती देने की मूड में हैं। ओमप्रकाश राजभर ने आज दावा किया है कि भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर उर्फ रावण उनकी अगुवाई वाली भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने के लिए तैयार हो गए हैं। इसके साथ ही राजभर ने कहा कि इसका औपचारिक ऐलान 27 अक्टूबर को मऊ में होने वाली रैली में किया जाएगा। राजभर ने  कहा कि एआईएमआईएम प्रमुख असदउद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर से लखनऊ में मंगलवार को उनकी मुलाकात हुई है। 

इसे भी पढ़ें: अमरोहा में योगी आदित्यनाथ ने कसा तंज, बोले- सपा को UP के विकास से नहीं बल्कि अपने विकास से होता था मतलब

इस मुलाकात के दारान ही चंद्रशेखर ने भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने पर अपनी रजामंदी दी है। राजभर ने दावा किया कि चंद्रशेखर से मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई है। यह तय किया गया है कि भागीदारी संकल्प मोर्चा की पहली बड़ी रैली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर 27 अक्टूबर को मऊ जिले के हलधरपुर में होगी। राजभर ने कहा कि इस रैली में चन्द्रशेखर भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने की औपचारिक रूप से घोषणा करेंगे। आपको बता दें कि चंद्रशेखर लगातार दलितों के हक में आवाज उठाते रहते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दलितों में उनकी अच्छी खासी पकड़ बताई जाती है। चंद्रशेखर को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी लगातार सॉफ्ट कॉर्नर रखती हैं। बावजूद इसके वह भागीदारी संकल्प मोर्चा से साथ गए हैं। चंद्रशेखर की राजनीति में आने से मायावती के वोट बैंक पर काफी असर पड़ सकता है। 

इसे भी पढ़ें: यूपी में धर्मांतरण सिंडिकेट का भंडाफोड़, कलीम सिद्दकी गिरफ्तार, हवाला फंडिंग का आरोप

राजभर ने बताया कि इस रैली के बाद मोर्चा की अगली रैली 27 नवम्बर को हरदोई जिले के संडीला में होगी। इसके बाद कानपुर, मुरादाबाद और बस्ती में रैली होगी। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इन सभी रैलियों को ओवैसी और चन्द्रशेखर के साथ ही मोर्चा में शामिल सभी दलों के नेता सम्बोधित करेंगे। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मोर्चे में शामिल होने को लेकर पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के कैबिनेट मंत्री मुकेश सहनी ने 15 अक्टूबर तक मोर्चा में शामिल होने के मसले पर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। उन्होंने सम्भावना जताई है कि सहनी भी 27 अक्टूबर को मऊ जिले के हलधरपुर में आयोजित होने वाली रैली में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने सपा से गठबंधन से जुड़े एक सवाल के जबाब में स्पष्ट किया है कि उनकी अभी तक समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव से कोई मुलाकात या बात नहीं हुई है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़