चेन्नई में सोती हुई बच्ची समेत कार ले भागा चोर, Guduvanchery के पास पुलिस ने पकड़ा

तमिलनाडु के गुडुवनचेरी के पास माता-पिता के क्लाउड किचन जाने पर उनकी चालू कार चुराकर भागे आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। वाहन की पिछली सीट पर 12 वर्षीय बच्ची सो रही थी, जिसे सुरक्षित निकालकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी राज मोहन के कब्जे से सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
चेन्नई के गुडुवनचेरी के पास 12 वर्षीय बच्ची के कार की पिछली सीट पर सोते समय एक खड़ी कार चुराने के आरोप में 46 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, बच्ची के माता-पिता कुछ खाने के लिए अपनी कार एक स्थानीय क्लाउड किचन के बाहर खड़ी करके चले गए थे।
बच्ची को आरामदायक माहौल देने के लिए कार का इंजन और एयर कंडीशनर चालू रखा गया था। इसी मौके का फायदा उठाकर राज मोहन नामक व्यक्ति चालक की सीट पर बैठा और कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद एक विशेष पुलिस टीम गठित कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
इसके साथ ही कांचीपुरम और चेंगलपट्टु जिलों के आसपास के पुलिस थानों को सतर्क कर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने कुवनचेरी जांच चौकी के पास एक संदिग्ध कार को आते देखा और उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकी तो पुलिसकर्मियों ने उसमें 12 वर्षीय बच्ची को रोते हुए और डरी-सहमी हालत में पाया।
पुलिस ने बच्ची को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला और उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया। आरोपी राज मोहन को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए।
जांचकर्ता इस बात का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रहे हैं कि आरोपी का कोई अन्य मकसद था या वह इसी तरह के अन्य अपराधों में भी शामिल रहा है।
अन्य न्यूज़













