Delhi: महिला इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचे चेन्नई के व्यक्ति की पिटाई से मौत, दो गिरफ्तार

Delhi: महिला इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचे चेन्नई के व्यक्ति की पिटाई से मौत, दो गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार में एक महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे चेन्नई के युवक की पिटाई के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मृतक सोशल मीडिया के जरिए महिला के संपर्क में आया था और उससे मिलने चेन्नई से दिल्ली पहुंचा था।

पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक महिला इन्फ्लुएंसर से मिलने के लिए चेन्नई से आए एक व्यक्ति की महिला के घर में घुसने पर उसके परिजनों और पड़ोसियों द्वारा की गई कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि यह घटना सात नवंबर को हुई, जब चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करने वाला व्यक्ति कथित तौर पर महिला के घर में घुस गया, जिसके बाद उसके परिजनों और पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी।

इस मामले में महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। जांच के अनुसार, चेन्नई निवासी यह व्यक्ति सोशल मीडिया पर महिला के संपर्क में आया था और नियमित रूप से उसके वीडियो लाइक करता था। पुलिस का कहना है कि वह महिला से एक तरफा प्यार करने लगा और उससे मिलने के लिए चेन्नई से दिल्ली आ गया।

विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर महिला के 29 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। एक पुलिस सूत्र ने कहा, ‘‘सात नवंबर को वह घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिससे विवाद शुरू हो गया। महिला के पिता और कुछ पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं।

सूत्र ने बताया कि घायल व्यक्ति को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर उसे बाद में एक अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी मौत के बाद, मधु विहार पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और महिला के पिता व एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान महिला के भाई और अन्य पड़ोसियों की भूमिका भी सामने आई है। शेष संदिग्धों की पहचान करने और हमले में उनकी भूमिका तय करने के लिए पुलिस की टीमें घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़