Chennai: 16 वर्षीय किशोरी के यौन उत्पीड़न मामले में 19 साल का युवक गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चेन्नई के बाहरी इलाके में 16 वर्षीय किशोरी का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में तांबरम पुलिस ने जे. मुत्तुसामी नामक युवक को हिरासत में लिया है। पीड़िता की मां द्वारा वंडालूर महिला थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के एक घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर रिमांड पर भेज दिया। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी।

चेन्नई के बाहरी इलाके में 16 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। तांबरम (शहर) पुलिस ने लड़की की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के हवाले से बताया कि आरोपी जे. मुत्तुसामी ने इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी से दोस्ती की थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों लगभग एक महीने से फोन के जरिए संपर्क में थे। लड़की की मां ने 25 सितंबर को वंडालूर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि उनकी बेटी का यौन उत्पीड़न किया गया है। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात आरोपी कथित तौर पर लड़की को ओल्ड नल्लूर के पास एक कृषि क्षेत्र में ले गया और उसका यौन उत्पीड़न किया।

तांबरम पुलिस ने कहा, शिकायत के आधार पर वंडालूर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। शिकायत मिलने के एक घंटे के भीतर आरोपी मुत्तुसामी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को रिमांड पर भेज दिया गया है।’’ पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह मामला तांबरम (शहर) पुलिस सीमा के अंतर्गत कांडिगाई गांव में एक बच्चे के यौन उत्पीड़न के मामले से जुड़ा नहीं है।

कांडिगाई गांव के एक सरकारी स्कूल में बच्चों के यौन उत्पीड़न के आरोप के संबंध में पुलिस ने शुक्रवार को कहा था, ‘‘ऐसा कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि कथित घटना सरकारी स्कूल में हुई थी। हालांकि, जांच जारी है।’’ पुलिस ने चेतावनी दी कि इस तरह की अप्रमाणित (बिना पुष्टि के) जानकारी को आगे न फैलाया जाए।

All the updates here:

अन्य न्यूज़