अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर लगाया आरोप, कहा- झूठे आंकड़ों से लोगों को कर रहे हैं भ्रमित

Akhilesh Yadav

सपा की ओर से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा, माटी कला सहित जिन-जिन योजनाओं से रोजगार के अवसर सृजित करने की लम्बी चौड़ी डींगे हांकी जा रही हैं, वे सब स्वयं संकट ग्रस्त हैं।

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में रोजगार संकट है और नौजवान परेशान हैं, लेकिन मुख्यमंत्री झूठे आंकड़ों से लोगों को भ्रमित करते हैं और उन्‍हें अपनी दिव्‍य शक्ति से हकीक़त को फसाना बना देना भी खूब आता है। सपा की ओर से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा, माटी कला सहित जिन-जिन योजनाओं से रोजगार के अवसर सृजित करने की लम्बी चौड़ी डींगे हांकी जा रही हैं, वे सब स्वयं संकट ग्रस्त हैं। इनसे सम्बन्धित लोग दो जून की रोटी के लिए भी तरस रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: UP के फतेहपुर में पराली जलाने के आरोप में 60 किसानों पर मामला दर्ज 

पूर्व मुख्‍यमंत्री ने दावा किया कि खुद सरकारी ‘वोकेशनल करियर सर्विस पोर्टल’ बताता है कि सितम्बर के मुकाबले अक्टूबर 2020 में ही रोजगार में 60 प्रतिशत गिरावट आई है। उन्‍होंने आरोप लगाया, भाजपा राज में मनरेगा मज़दूरों को भुगतान नहीं मिल रहा है। बदायूं में भुगतान वेबसाइट में खराबी आने के कारण उनके खातों में रुपये ट्रांसफर नहीं हुए। मनरेगा में काम करके चार पैसे मिलते तो घर का काम चलता पर सरकारी तंत्र ने तो उनकी दीवाली ही फीकी कर दी हैं, इनमें प्रवासी मजदूरों की हालत सबसे ज्यादा दयनीय है। 

इसे भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 2,187 नए मामले, अब तक 7,155 मरीजों ने गंवाई अपनी जान 

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में प्रदेश में नयी नौकरियां दिखी नहीं और पुरानी फैक्ट्रियां भी बंद हो गईं जबकि कर्मचारियों की लॉकडाउन में ही छंटनी हो गई थी। उन्‍होंने कहा कि आज भी तमाम लोग काम पाने के लिए भटक रहे हैं और चौराहों पर श्रमिकों की सुबह लगने वाली भीड़ रोज़गार के सरकारी दावो की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों को चोट पहुंचा कर उसको रोजी-रोटी के लिए तरसा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में भाजपा को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़