वरिष्ठ वकीलों के चैंबर में एक तिहाई महिला जूनियर अनिवार्य हों: CJI सूर्यकांत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कानूनी पेशे में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं से अपने चैंबर में कम से कम एक तिहाई महिला जूनियर रखने को कहा है। नयी दिल्ली के सीरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स में आयोजित स्मृति पुरस्कार समारोह में उन्होंने पैनल वकीलों में भी महिलाओं के प्रतिनिधित्व को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान चार युवा महिला अधिवक्ताओं को उनके कानूनी योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने कानून के पेशे में महिलाओं की अधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कहा है कि उनके चैंबरों में कम से कम एक तिहाई जूनियर वकील महिला होनी चाहिए। प्रधान न्यायाधीश ने बुधवार को यहां सीरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स में श्रीमती शशिप्रभा सिंह स्मृति पुरस्कार समारोह का उद्घाटन करते हुए पैनल के वकीलों में भी अधिक महिलाओं की नियुक्ति पर जोर दिया ताकि बार में उनकी सहभागिता और प्रतिनिधित्व मजबूत हो। उच्चतम न्यायालय बार संघ के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह की दिवंगत मां की स्मृति में शुरू किया गया यह पुरस्कार चार महिला युवा वकीलों को मुकदमों में उनकी क्षमता और योगदान पर ध्यान देते हुए दिया गया।

इस पहल का उद्देश्य उन्हें उनके विधि व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद करना भी है। अधिवक्ता मोनिका धीमान को न्याय प्रभा रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि हुमा अंजुम और प्रियांशी कुमारी को संयुक्त रूप से न्याय प्रभा गौरव पुरस्कार प्रदान किया गया। अधिवक्ता कवना राव को न्याय प्रभा सम्मान प्रदान किया गया।

इससे पहले एक स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट भी हुआ जिसमें उच्चतम न्यायालय और दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं और पत्रकारों ने भाग लिया। समारोह में प्रसिद्ध क्रिकेटर कपिल देव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भी प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) के साथ विजेताओं को सम्मानित किया।

सीजेआई एकादश और उच्चतम न्यायालय मीडिया एकादश के बीच हुए क्रिकेट मैच में सीजेआई एकादश की ओर से उच्चतम न्यायालय के कई वर्तमान न्यायाधीश खेले। इनमें न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश, न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, न्यायमूर्ति अगस्टीन जॉर्ज मसीह, न्यायमूर्ति संदीप मेहता, न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह शामिल हुए। दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों ने भी मैच में भाग लिया।

उच्चतम न्यायालय मीडिया एकादश के सुमित और शाश्वत को क्रमश: सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक घोषित किया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़