भाजपा सासंद ने हेमंत सोरेन पर साधा निशाना, कहा- मुख्यमंत्री संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल रहे हैं

Deepak Prakash

भाजपा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता परंतु मुख्यमंत्री दोनों उपचुनाव में महाठगबंधन उम्मीदवार की करारी हार की आशंका को देखते हुए की ‘नीचता’ पर उतर आए हैं।

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने भाजपा कार्यकर्ताओं को लाठी डंडे से खदेड़ने वाले हाल के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि मुख्यमंत्री संवैधानिक और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भूल रहे हैं। प्रकाश ने बुधवार को एक बयान में कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता परंतु मुख्यमंत्री दोनों उपचुनाव में महाठगबंधन उम्मीदवार की करारी हार की आशंका को देखते हुए की ‘नीचता’ पर उतर आए हैं। 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के खिलाफ एक आरोप पत्र जनता के मन में, 03 तारीख को सुनाएगी फैसला : रजनीश अग्रवाल 

उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में सभी से स्वस्थ की उम्मीद की जाती है परंतु मुख्यमंत्री की मर्यादाएं तोड़ रहे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लाठी डंडे की बात कर मुख्यमंत्री राज्य में हिंसा को बढ़ावा दे रहे है, पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री यदि ऐसी का प्रयोग करेंगे तो फिर छोटे कार्यकर्ताओं से क्या उम्मीद की जाये? प्रकाश ने कहा कि आज मुख्यमंत्री के बयान से इस बात की पुष्टि हो रही है कि भाजपा का यह आरोप सही था कि राज्य सरकार के इशारे पर एवम् संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं की राज्य में हत्याएं हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार हिंसा, तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार तथा लूट-खसोट पर टिकी हुई सरकार है।प्रकाश ने कहा कि झारखंड को लूटनेवाले एक सजायाफ्ता कैदी की सेवा करना ही सरकार अपना राजधर्म समझती है। उनके अनुसार यह सरकार महिलाओं को थाने में पिटवाना ,बेरोजगारों पर लाठीचार्ज करवाना,युवाओं की नौकरी छीनना ही अपना कर्तब्य समझती है। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा ने चुनाव आयोग में की दिग्विजय सिंह और आचार्य प्रमोद कृष्णन की शिकायत 

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत सरकार हिंसा को बढ़ावा देगी इसका प्रमाण उसकी पहली कैबिनेट बैठक से ही मिल गया था क्योंकि पहली कैबिनेट में ही इस सरकार ने राष्ट्र विरोधी लोगों के मुकदमे वापस ले लिये थे और आज उग्रवादी नक्सली फिर से राज्य को अशांत करने में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों में जनता वर्तमान सरकार के अहंकार का करारा जवाब देगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़