Great Nicobar Project: Calcutta HC में सुनवाई टालने का प्रयास कर रही केंद्र, Congress का आरोप

ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना से जुड़ी याचिकाओं पर कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई टलने को लेकर कांग्रेस ने केंद्र पर तीखा हमला बोला है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश का कहना है कि सरकार ने नए हलफनामे का बहाना बनाकर मामले को जनवरी 2027 तक आगे बढ़वा दिया। उन्होंने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल उठाए।
कांग्रेस ने ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना को चुनौती देने वाली चार याचिकाओं पर कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई में देरी को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार ने सुनवाई टालने के लिए अचानक नए हलफनामे दाखिल करने की जरूरत महसूस की है। कांग्रेस का यह भी आरोप है कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सरकार का रवैया पूरी तरह ‘घोर अवमानना’ का दिखाई देता है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय में ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना को चुनौती देने वाली चार याचिकाओं पर बुधवार को सुनवाई शुरू होनी थी, जिनमें से एक याचिका वन अधिकार अधिनियम, 2006 के उल्लंघन से संबंधित है।
रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दो अन्य याचिकाओं में गलाथिया और कैंपबेल-बे राष्ट्रीय उद्यानों के आसपास अधिसूचित पारिस्थितिकी संवेदनशील क्षेत्र (ईएसजेड) के दायरे में भारी कटौती को चुनौती दी गई है। चौथी याचिका में ग्रेट निकोबार के लिए तटीय क्षेत्र प्रबंधन योजना के उन मानचित्रों को मंजूरी दिए जाने पर सवाल उठाया गया है, जिनमें से प्रवाल भित्तियां (कोरल रीफ) कथित तौर पर गायब हो गई हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय में निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनवाई पूरी कराने में सहयोग का आश्वासन देने के बावजूद केंद्र सरकार ने सुनवाई को टालने की रणनीति अपनाई। रमेश ने कहा, ‘‘अब सुनवाई 13 जनवरी, 2027 तक टाल दी गई है, क्योंकि मोदी सरकार को अचानक नए हलफनामे दाखिल करने की जरूरत महसूस हुई।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि इस बीच परियोजना को पर्यावरणीय नुकसान की आशंकाओं के बावजूद आगे बढ़ाया जा रहा है।
रमेश के मुताबिक, परियोजना के लिए निर्धारित 166.1 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र की सीमांकन प्रक्रिया के वास्ते 26 अक्टूबर को निविदाएं आमंत्रित की गई थीं। इसमें करीब 122 वर्ग किलोमीटर जैव विविधता से समृद्ध वन क्षेत्र शामिल है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की बाहरी सीमा लगभग 43 किलोमीटर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय में सुनवाई से महज एक महीने पहले निविदाएं आमंत्रित करना लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सरकार की ‘‘घोर अवमानना’’ दर्शाता है।
अन्य न्यूज़














