कर्नाटक में DK Shivkumar ने आशा कार्यकर्ताओं से हड़ताल खत्म करने को कहा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में मानदेय बढ़ाने को लेकर चल रहे प्रदर्शन के बीच डी.के. शिवकुमार ने कार्यकर्ताओं से काम पर लौटने का अनुरोध किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों के समाधान पर गंभीरता से विचार कर रही है और इसे प्रतिष्ठा का विषय न बनाया जाए।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं से बृहस्पतिवार को अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस लेने की अपील की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों का समाधान करेगी। मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे को सरकार के साथ टकराव का रूप न दें। आशा कार्यकर्ताओं की यहां के ‘फ्रीडम पार्क’ में जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल का बृहस्पतिवार को 10वां दिन है।

विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहीं आशा कार्यकर्ताओं की मांगों में मासिक मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपये करना शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान एक कलाकार अलका राव की अगुवाई में कला के माध्यम से एकजुटता भी व्यक्त की गई। इस पहल के तहत कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

शिवकुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं उनसे अपील कर रहा हूं कि कृपया अपना प्रदर्शन वापस ले लें। इसे प्रतिष्ठा का सवाल बनाने की जिद छोड़ दें। हम आपके साथ हैं।’’ उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं और वित्त विभाग के साथ आगे विचार-विमर्श करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर पहले ही पांच से छह दौर की बातचीत हो चुकी है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी सभी माताओं और बहनों से विनम्र अपील करता हूं। कृपया हम पर भरोसा रखें।

हम निश्चित रूप से आपकी मांगों का समाधान निकालेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे के गंभीर वित्तीय प्रभाव हैं, क्योंकि विभिन्न सरकारी विभागों में काम करने वाले कई अन्य श्रेणियों के कर्मचारी भी इसी तरह की मांगें उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर हर कोई सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने लगेगा, तो जिम्मेदारी कौन लेगा? हर व्यक्ति की आजीविका हमारे लिए महत्वपूर्ण है।’’ शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने कांग्रेस के घोषणापत्र में आशा कार्यकर्ताओं से किया गया वादा पूरा किया है और उनकी मदद जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पांच गारंटी योजनाओं में से चार का लाभ लेने की अनुमति भी दी गई है। बेरोजगार युवाओं को मुआवजा देने वाली योजना इसका अपवाद है। आशा कार्यक्रम में केंद्र के योगदान पर सवाल उठाते हुए शिवकुमार ने कहा कि केंद्र सरकार को वित्तीय बोझ पूरी तरह कर्नाटक पर छोड़ने के बजाय अपना हिस्सा बढ़ाना चाहिए।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान शुरू की गई इस योजना का जिक्र करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा उठा रही है। उन्होंने इस सुझाव को भी खारिज कर दिया कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं के बिना काम कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें सभी की जरूरत है।

हमें उन सभी की जरूरत है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे भले ही (आशा) कार्यकर्ता हों, लेकिन अंततः वे देश की सेवा कर रही हैं।’’ उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपनी शिकायतों का समाधान निकालने के लिए सरकार को और समय देने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से नेलमंगला और अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है और उनकी समस्याओं को समझा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़