Kerala में 200 MW Power Purchase में गड़बड़ी का आरोप, CPI M नेता ने उठाई न्यायिक जांच की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

माकपा की केरल इकाई के सचिव एमवी गोविंदन ने अक्टूबर में हुई 200 मेगावाट बिजली की खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक मंजूरी और निविदा के बिना महंगी दरों पर बिजली का सौदा किया गया। पारदर्शिता के लिए उन्होंने इस पूरे मामले की फाइलों को सार्वजनिक करने और न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केरल इकाई के सचिव एमवी गोविंदन ने रविवार को अक्टूबर में 200 मेगावाट बिजली की खरीद में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और इस सौदे की न्यायिक जांच कराने की मांग की। गोविंदन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों और विद्युत नियामक आयोग की आवश्यक मंजूरी लिए बिना तथा निविदाएं आमंत्रित किए बगैर तीन से चार साल के लिए ऊंची दरों पर बिजली खरीदी गई। उन्होंने कहा कि यह खरीद आपात प्रावधानों के तहत की गई व इसके लिए संबंधित अधिकारियों से उचित परामर्श नहीं किया गया और न ही आवश्यक मंजूरी ली गई।

गोविंदन ने कहा, “यह एक गंभीर और चिंताजनक घटनाक्रम है। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बिजली खरीद से जुड़ी सभी फाइलें जनता के सामने रखी जानी चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किए बिना और जरूरी मंजूरी लिए बगैर बिजली खरीदने के कारण इस सौदे में भ्रष्टाचार हुआ है। गोविंदन ने इस मुद्दे पर ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री के बीच मतभेदों का भी जिक्र किया, जो सार्वजनिक हो चुके हैं।

गोविंदन ने न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भी इस फैसले की प्रक्रिया में शामिल थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए स्वतंत्र जांच जरूरी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़