जम्मू-कश्मीर में महिलाओं के खिलाफ अपराध दो साल में 7.21 प्रतिशत कम हुए: एनसीआरबी

जम्मू और कश्मीर में महिलाओं के खिलाफ दर्ज सबसे आम अपराध अपहरण था, जिसके 2023 में 895 मामले सामने आए। इसके बाद घरेलू हिंसा (पति द्वारा क्रूरता) के 524 मामले और बलात्कार (231 मामले) के मामले इसी वर्ष दर्ज किए गए।
जम्मू-कश्मीर में महिलाओं के खिलाफ अपराध में दो वर्षों में 7.21 प्रतिशत की गिरावट आई है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा वर्ष 2023 के लिए जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
एनसीआरबी के आंकड़ों से पता चला है कि वर्ष 2021 में केंद्र शासित प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 3,937 मामले दर्ज किए गए लेकिन 2023 में यह संख्या घटकर 3,653 रह गई। जम्मू और कश्मीर में महिलाओं के खिलाफ दर्ज सबसे आम अपराध अपहरण था, जिसके 2023 में 895 मामले सामने आए। इसके बाद घरेलू हिंसा (पति द्वारा क्रूरता) के 524 मामले और बलात्कार (231 मामले) के मामले इसी वर्ष दर्ज किए गए।
जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेशों में महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराधों के मामले में सबसे ऊपर है, जहां 43 पीड़ितों ने मामले दर्ज कराए हैं। इनमें 39 मामले यौन सामग्री प्रसारित करने और ब्लैकमेल करने या पीड़ितों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने के चार मामले शामिल हैं। यह संख्या दिल्ली से भी अधिक थी, जहां 2023 में महिलाओं के साथ साइबर अपराध के 36 मामले दर्ज किये गये थे।
अन्य न्यूज़












