Supreme Court के आदेश पर CRPF ने संभाली तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की कमान

Supreme Court के आदेश पर CRPF ने संभाली तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की कमान
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर केंद्रीय सुरक्षा बलों ने मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी, सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर और दरगाह क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था अपने हाथ में ले ली है। शनिवार तड़के पहुंचे जवानों का स्थानीय श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। यह कदम 24 नवंबर को पारंपरिक कार्तिगई दीपम को लेकर उपजे विवाद और शीर्ष अदालत के आदेश के बाद उठाया गया है।

उच्चतम न्यायालय के एक ऐतिहासिक निर्देश के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने शनिवार तड़के यहां तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा और निगरानी का पूर्ण नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। पहाड़ी की तलहटी में पहुंचने पर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने जवानों तथा उनके वाहनों पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। द्रुत कार्य बल (आरएएफ) की इकाइयों के साथ सीआरपीएफ की एक कंपनी रात भर में अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर परिसर के पास उतरी और पहाड़ी की चोटी की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा चौकियां स्थापित करनी शुरू कर दीं।

स्थानीय ग्रामीण और मंदिर के श्रद्धालु केंद्रीय बलों का स्वागत करने के लिए पहाड़ी की तलहटी के पास एकत्र हुए तथा जवानों और उनके काफिले के वाहनों पर गुलाबी फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं। निवासियों ने मौके पर मौजूद पत्रकारों के साथ बातचीत में केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा नियंत्रण संभाले जाने को अपने पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए ‘‘100 साल के संघर्ष’’ का अंत बताया। लोगों ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस पहले इस अनुष्ठान को सुगम बनाने में विफल रही थी।

सीआरपीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटनास्थल पर इस बात की पुष्टि की कि क्षेत्र में एक कंपनी तैनात की गई है, जो शाम के समारोह से पहले उच्च अधिकारियों से आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा कर रही है। यह तैनाती न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ द्वारा केंद्रीय बलों को श्री सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर, उसके पास स्थित हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह और पूरी पहाड़ी की सुरक्षा करने का आदेश दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद हुई। शीर्ष अदालत का यह हस्तक्षेप 24 नवंबर की उस घटना के बाद आया है, जब ‘दीपथून’ स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम नहीं जलाया गया था।

अदालत के पहले के अंतरिम आदेश के बावजूद, इस दीपक को उचिपिल्लैयार मंदिर के पास वाले स्थान पर जलाया गया था। सूत्रों ने बताया कि मुस्लिम श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर दरगाह पर भी सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़