डीडीए ने पिछले तीन साल में 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर 2,719 एकड़ भूमि को कराया अतिक्रमण-मुक्त: सरकार

सरकार ने राज्यसभा में बताया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण ने पिछले तीन वर्षों में लगभग 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए हैं। इन अभियानों के माध्यम से करीब 2,719 एकड़ भूमि को अतिक्रमण-मुक्त कराया गया है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में रेल संपर्क मजबूत करने के लिए चार नए नमो भारत गलियारों के प्रस्ताव भी सरकार के विचाराधीन हैं।
नयी दिल्ली, 27 जुलाई सरकार ने सोमवार को संसद को बताया कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने पिछले तीन साल के दौरान लगभग 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए और 2,719 एकड़ भूमि को अतिक्रमण-मुक्त कराया। आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीडीए से प्राप्त सूचना के अनुसार, पिछले तीन साल के दौरान लगभग 1,116 ध्वस्तीकरण अभियान चलाए गए।
इन अभियानों के माध्यम से दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 2,719 एकड़ क्षेत्र को अतिक्रमण-मुक्त या पुनः प्राप्त किया गया है, जिसमें सरकारी भूमि, फुटपाथ, कृषि क्षेत्र, हरित क्षेत्र, चारदीवारी, सड़क किनारे पार्किंग हैं। उन्होंने बताया कि ध्वस्तीकरण अभियानों के दौरान वर्तमान नियमों तथा न्यायालय के आदेशों के अनुसार कार्रवाई किए जाने से पहले संबंधित स्थल पर विधिवत नोटिस जारी किए गए या चिपकाए गए। मंत्री ने कहा कि दिल्ली स्लम और झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास और पुनर्स्थापन नीति, 2015 के अनुसार पात्र लाभार्थियों के लिए पुनर्वास उपाय किए गए।
उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-एनसीआर में रेल संपर्क को और मजबूत करने के लिए चार नए नमो भारत गलियारे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जमा की हैं। साहू ने कहा कि दिल्ली-करनाल, दिल्ली-बावल, बावल-बहरोड़ और गाजियाबाद-नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा गलियारे के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई हैं। मंत्री ने कहा कि ये प्रस्ताव अभी केंद्र सरकार के विचाराधीन हैं, क्योंकि नमो भारत परियोजनाओं में भारी निवेश शामिल है और वित्तपोषण पर कोई भी फैसला लेने से पहले इनका विस्तृत तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन किया जाता है।
अन्य न्यूज़














