Dehradun में पारिवारिक कलह के बाद बेटे ने पिता पर चाकू से हमला कर मार डाला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम पारिवारिक विवाद के बाद नशे में धुत बेटे ने अपने 62 वर्षीय पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया है और शव को कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

देहरादून के राजपुर क्षेत्र में पारिवारिक कलह के दौरान नशे में धुत एक व्यक्ति ने एक धारदार हथियार से हमला कर अपने पिता की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नितिन राणा (35) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) शेखर सुयाल ने बताया कि सहस्त्रधारा रोड के चलांग कुल्हन इलाके में सोमवार देर शाम हुई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल मदन राणा (62) को तत्काल सरकारी कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुयाल ने बताया कि मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है तथा अपने परिजनों से उसका विवाद था। उसने बताया कि नशे की हालत में उसकी अपने पिता से बहस हो गयी और इस दौरान उनके द्वारा जोर—जोर से डांटे जाने से उसे गुस्सा आ गया। नितिन ने बताया कि इसी उत्तेजना में उसने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पिता पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़