Delhi CM रेखा गुप्ता ने Assembly में Har Ghar Tiranga यात्रा में लिया हिस्सा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और भाजपा विधायकों के साथ मंगलवार को विधानसभा परिसर में तिरंगा यात्रा में शिरकत की। महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर डॉ. बी आर आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंची इस यात्रा के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने की अपील की।
नयी दिल्ली, 11 अगस दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सत्तारूढ़ दल के विधायकों के साथ मंगलवार को यहां तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। विधानसभा परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित यह यात्रा महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू हुई और बी आर आंबेडकर की प्रतिमा पर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, प्रवेश साहिब सिंह, मनिंदर सिंह सिरसा, पंकज सिंह, रवीन्द्र इन्द्राज सिंह और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य सचेतक अभय वर्मा और बड़ी संख्या में विधायक शामिल थे, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लिया हुआ था और वे ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रीय ध्वज का केसरिया रंग हमारे शौर्य और त्याग का तेज है, श्वेत सत्य और शांति का संस्कार है, हरा समृद्धि और जीवंतता का प्रतीक है तथा अशोक चक्र राष्ट्र की अनवरत गति और कर्तव्य का संकल्प है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह तिरंगा हमारी सभ्यता का गौरव, स्वतंत्रता सेनानियों के तप और बलिदान की स्मृति और 140 करोड़ भारतीयों की एकात्मता का प्रतीक है।’’ वहीं, अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश के लोकतंत्र की जीवंत धड़कन है और प्रत्येक भारतीय को संविधान के आदर्शों से जोड़ने वाला पवित्र धागा है। लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नागरिक अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता के इस महोत्सव को हर घर तिरंगा के संकल्प के साथ जन-जन का उत्सव बनाएं। उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी ‘‘हर घर तिरंगा डाट कॉम’’ वेबसाइट पर अपलोड करने का भी आग्रह किया।
भाजपा स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर भर में तिरंगा यात्राएं निकाल रही है।
अन्य न्यूज़













