Delhi Election: 'बनने आए थे यमुना के लाल, बन गए शराब के दलाल', स्वाती मालिवाल का केजरीवाल पर वार

Swati Maliwal
ANI
अंकित सिंह । Feb 3 2025 2:42PM

मालीवाल ने कहा कि हम सभी अरविंद केजरीवाल के आवास पर जा रहे हैं और उन्हें चुनौती देने जा रहे हैं कि वह हमारे सामने आएं और हमने नदी से जो काला पानी इकट्ठा किया है उसे देखें और उसमें डुबकी लगाएं और यदि संभव हो तो उसे पी भी लें।

दिल्ली चुनाव के प्रचार के बीच राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने यमुना नदी से जल एकत्र किया और पूर्वांचल की महिलाओं के साथ आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंची। स्वाति मालीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की वजह से यमुना नदी नाले में तब्दील हो गई है। मैं हजारों पूर्वांचली महिलाओं के साथ यहां आई हूं और यहां हालात इतने खराब हैं कि बदबू के कारण हमारा यहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। पूर्वांचली महिलाएं मेरे साथ अरविंद केजरीवाल के आवास पर जा रही हैं और उनसे क्या पूछना है कि नदी की सफाई के लिए आवंटित 7500 करोड़ रुपये कहां गए?

इसे भी पढ़ें: Delhi Elections: PM Modi का बड़ा आरोप, छात्रों के भविष्‍य से खेल रही दिल्‍ली की AAP सरकार

मालीवाल ने कहा कि हम सभी अरविंद केजरीवाल के आवास पर जा रहे हैं और उन्हें चुनौती देने जा रहे हैं कि वह हमारे सामने आएं और हमने नदी से जो काला पानी इकट्ठा किया है उसे देखें और उसमें डुबकी लगाएं और यदि संभव हो तो उसे पी भी लें। उन्होंने कहा कि आज केजरीवाल बहुत बड़े आदमी हो गए हैं, वो शीश महल में रहते हैं और बड़ी बड़ी गाड़ियों में घूमते हैं। हमारे साथ आई पूर्वांचली महिलाएं केजरीवाल से पूछना चाहती हैं कि छठ पूजा वो आखिर कहां करें। लोगों में बहुत गुस्सा भरा पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल को जरूरत पड़ती है तो वे हाथ जोड़कर आ जाते हैं, ले लेकिन जरूरत खत्म होते ही यमुना नदी का ये हाल हो जाता है। अरविंद केजरीवाल को छठी मैया का श्राप लगेगा। 

इसे भी पढ़ें: 'दिल्ली को मिलेगी फर्जी गारंटी से मुक्ति', पीयूष गोयल का AAP पर वार, गिरिराज बोले- केजरीवाल से बड़ा कोई गुंडा नहीं

केजरीवाल पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि बनने आए थे यमुना के लाल, बन गए शराब के दलाल। इस बीच दिल्ली पुलिस ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को हिरासत में ले लिया। इससे पहले  राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर कूड़ा फेंककर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन 5 फरवरी को दिल्ली चुनाव से पहले हुआ।

All the updates here:

अन्य न्यूज़