Hauz Khas में सड़क किनारे फूल बेच रही महिला पर डंडों से हमला, Delhi Police ने शुरू की जांच

दक्षिण दिल्ली के हौज खास में एक महिला फूल विक्रेता पर कुछ लोगों द्वारा लाठियों से किए गए हमले का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए टीम गठित की है। हालांकि थाने में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में सड़क के किनारे फूल और माला बेच रही एक महिला पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर डंडों से हमला कर दिया, जिसका एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला सड़क के किनारे बैठकर फूल बेच रही है, तभी दो व्यक्ति उसके पास आते हैं।
कुछ देर की बातचीत के बाद, उनमें से एक कथित तौर पर उसे डंडे से पीटना शुरू कर देता है। जब कुछ लोग बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश करते हैं, तो एक अन्य व्यक्ति भी वहां आता है और उन पर डंडे से हमला कर देता है। यह घटना पिछले हफ्ते की बताई जा रही है।
सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के अनुसार, आरोपियों ने महिला से कथित तौर पर नशीले पदार्थ बेचने को कहा था, जिससे इनकार करने पर उस पर हमला किया गया। हालांकि, पुलिस ने हमले के मकसद की पुष्टि नहीं की है। दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने कहा कि हौज खास थाने को अब तक इस संबंध में कोई सूचना या लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
डीसीपी ने कहा कि इसके बावजूद, सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने तथा उनका पता लगाने के लिए एक पुलिस टीम तैनात की गई है। पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार, इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अन्य न्यूज़














