जल बोर्ड मामले में Satyendar Jain को मिली जमानत पर Delhi High Court ने मांगा जवाब

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में निचली अदालत से मिली जमानत के खिलाफ एसीबी ने दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया है। न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने आम आदमी पार्टी नेता सत्येंद्र जैन को नोटिस भेजकर 22 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। जांच एजेंसी का आरोप है कि जल मंत्री रहते हुए एक कंपनी को गलत तरीके से फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर की शर्तों में बदलाव किया गया था।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने जल बोर्ड से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में जमानत देने के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ दायर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) की याचिका पर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन से जवाब मांगा। न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने दिल्ली सरकार की एसीबी की याचिका पर जैन को नोटिस जारी किया और मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 दिसंबर की तारीख तय की। एसीबी ने पूर्व मंत्री को जमानत देने के निचली अदालत के तीन सितंबर के आदेश को चुनौती दी है।

एसीबी का कहना है कि निचली अदालत के सामने रखे गए सबूत प्रथम दृष्टया जैन को जमानत देने से इनकार करने के लिए पर्याप्त नहीं थे। निचली अदालत ने एसीबी को फटकार लगाते हुए कहा था कि जांच के अंतिम चरण में बिना किसी ठोस कारण और परिस्थितियों में बदलाव के अचानक गिरफ्तारी करना मनमाना कदम माना जा सकता है और इसकी आलोचना हो सकती है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान एसीबी के वकील ने दलील दी कि निचली अदालत के जमानत आदेश से प्रतीत होता है कि मानो उसने आरोपी को आरोपों से मुक्त कर दिया हो।

उन्होंने कहा कि विशेष न्यायाधीश ने जांच जारी रहने और आरोपपत्र दाखिल होने से पहले ही कई टिप्पणियां कर दी थीं। इस मामले में जैन को 18 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और 19 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। यह मामला एक निविदा से जुड़ा है, जो सत्येंद्र जैन के जल मंत्री रहते हुए मेसर्स यूरोटेक एनवायरनमेंटल प्राइवेट लिमिटेड को दी गई थी।

एसीबी का आरोप है कि निविदा की शर्तों में हेरफेर की गई थी और निविदा प्रक्रिया को जानबूझकर तकनीक पर आधारित बनाया गया, ताकि यूरोटेक एनवायरनमेंटल को फायदा पहुंचाया जा सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़