Bengaluru में बोले Rajnath Singh, Healthcare में AI नवाचार के साथ मानवीय करुणा जरूरी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बेंगलुरु में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्वास्थ्य सेवा को बदल रहा है, लेकिन यह मानवीय संवेदना और करुणा की जगह नहीं ले सकता। उन्होंने चिकित्सा पेशेवरों से नवाचार और देखभाल के बीच संतुलन बनाने का आग्रह किया। सिंह ने यह भी कहा कि भारत डिजिटल हेल्थकेयर में तेजी से नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि भले ही तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहे हैं, लेकिन ये सहानुभूति और करुणा जैसे मानवीय गुणों की जगह नहीं ले सकते। 27 नवंबर को बेंगलुरु में BGS के 18वें स्थापना दिवस समारोह और एक चिकित्सा सुविधा के उद्घाटन के मौके पर, सिंह ने चिकित्सा पेशेवरों से तकनीकी नवाचार को मानवीय सहानुभूति के साथ जोड़ने का आग्रह किया।
इसे भी पढ़ें: Rajnath Singh शनिवार को Jammu में BJP की पदयात्रा की करेंगे अगुवाई
उन्होंने कहा कि हम AI के दौर में जी रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो जो इससे अछूता हो, और स्वास्थ्य सेवा भी इससे अलग नहीं है। हालांकि, AI किसी मां को यह भरोसा नहीं दिला सकता कि उसका बच्चा ठीक हो जाएगा। यह किसी बुजुर्ग मरीज का हाथ पकड़कर यह नहीं कह सकता कि, 'चिंता मत कीजिए, आपको ठीक करने के लिए हम हर संभव कोशिश करेंगे'। उन्होंने आगे कहा कि जैसे-जैसे हम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग को अपना रहे हैं, हमें एक महत्वपूर्ण बात याद रखनी चाहिए: तकनीक भले ही बुद्धिमान हो, लेकिन वह संवेदना की जगह नहीं ले सकती। यह मेडिकल रिपोर्ट का विश्लेषण तो कर सकती है, लेकिन मरीज की भावनाओं को पूरी तरह नहीं समझ सकती। यह शारीरिक दर्द का पता तो लगा सकती है, लेकिन मरीज द्वारा महसूस की जाने वाली भावनात्मक पीड़ा और बेचैनी को वास्तव में नहीं समझ सकती।
रक्षा मंत्री ने स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों से विज्ञान और देखभाल के बीच संतुलन बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि इसलिए, मैं आप सभी से अपील करता हूं कि अपने पेशेवर जीवन में नवाचार (इनोवेशन) के साथ-साथ संवेदना को भी शामिल करें। हमेशा याद रखें कि चिकित्सा केवल बीमारियों का पता लगाने और इलाज करने का विज्ञान नहीं है; यह उन लोगों को सांत्वना, उम्मीद और भरोसा देने की कला भी है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता होती है।
इसे भी पढ़ें: Sonam Wangchuk का आरोप, Ladakh प्रशासन क्षेत्र पर थोप रहा फैसले
सिंह ने पिछले एक दशक में मेडिकल इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए सरकार के प्रयासों पर प्रकाश डाला और कहा कि भारत डिजिटल हेल्थकेयर के क्षेत्र में नेतृत्व की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में, हमने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मजबूत नींव रखी है। आज, भारत डिजिटल हेल्थकेयर के उभरते क्षेत्र में नेतृत्व की स्थिति की ओर बढ़ रहा है। हमारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली अधिक जुड़ी हुई, इंटरऑपरेबल (आपस में तालमेल बिठाने वाली) और नागरिक-केंद्रित होती जा रही है।
अन्य न्यूज़













