DU की छात्राओं से छेड़छाड़: Delhi Police ने दो छात्रों अभिनव और अभिमन्यु को किया गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुखर्जी नगर में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं का पीछा करने और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। जांच अधिकारियों ने घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है और फरार अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने मुखर्जी नगर में हिंदू कॉलेज की दो छात्राओं के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दो छात्रों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान डीयू के छात्र अभिनव और अभिमन्यु के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल कार को बृहस्पतिवार रात ही जब्त कर लिया गया था। छात्रा के अनुसार, वह और उसकी सहेली बुधवार रात मुखर्जी नगर में टहल रही थी, तभी एक सफेद कार उनके पास आई और उसमें सवार व्यक्तियों ने कथित तौर पर उन पर फब्तियां कसी। जब युवतियों ने इसका विरोध किया, तो व्यक्तियों ने उन्हें कथित तौर पर गाली दी और उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब वह और उसकी सहेली घटना को रिकॉर्ड करने के लिए रुकी, तो पुरुष भी रुक गए और उन्हें वाहन में खींचने का प्रयास किया। जब उसकी सहेली ने कार की रिकॉर्डिंग शुरू की तो आरोपी भाग गए। छात्रा की शिकायत के आधार पर मुखर्जी नगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (पीछा करना), 79 (शब्द, इशारा या किसी महिला की गरिमा का अपमान करने का इरादा) और 3(5) (सामान्य मंशा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया था कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगा लिया। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नमन के रूप में की है और कहा कि घटना के समय दो से तीन अन्य व्यक्ति उसके साथ थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में अभिनव को लक्ष्मी नगर से और अभिमन्यु को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस छात्रा के इस आरोप की भी जांच कर रही है कि शिकायत दर्ज होने से पहले उसे और सहेली को तीन थानों के चक्कर लगाने पड़े थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़