Delhi Weather: राजधानी में बारिश के बाद AQI 89 दर्ज, आईएमडी ने जारी किया Yellow Alert

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को हुई बारिश के साथ अगस्त महीने की कुल वर्षा 234.5 मिलीमीटर तक पहुंच गई है, जो इसके मासिक औसत को पार कर चुकी है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए चेतावनी जारी की है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली का 24 घंटे का औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 89 रहा, जिससे हवा की गुणवत्ता लगातार 10वें दिन संतोषजनक श्रेणी में बनी रही।
दिल्ली में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में लगातार 10वें दिन वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में रही और अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में इस साल अगस्त के सभी 10 दिनों में वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ रही। वर्ष 2024 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब शहर में महीने के शुरुआती 10 दिनों तक वायु गुणवत्ता लगातार ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 89 दर्ज किया गया, जो ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में है।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छी , 51 से 100 संतोषजनक , 101 से 200 मध्यम , 201 से 300 खराब , 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली में अगस्त के पहले 10 दिनों में सुबह 8.30 बजे तक 230.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग ने बताया कि सोमवार सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच चार मिलीमीटर और बारिश हुई, जिससे इस महीने अब तक कुल बारिश 234.5 मिलीमीटर हो गई।
इसके साथ ही बारिश के महीने का औसत 233.1 मिलीमीटर का आंकड़ा भी पार हो गया। आईएमडी के अनुसार, शाम सवा चार बजे तक मयूर विहार में सबसे अधिक 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद मुंगेशपुर में 21 मिलीमीटर, पूसा में चार मिलीमीटर और नारायणा में तीन मिलीमीटर बारिश हुई। दिल्ली के सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं लोधी रोड पर 4.8 मिलीमीटर और रिज में 6.8 मिलीमीटर बारिश हुई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, लोधी रोड में 34.6 डिग्री, रिज में 34.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 34 डिग्री सेल्सियस रहा।
शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री और रिज में 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग ने दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
अन्य न्यूज़













