Delhi में सामान्य से अधिक बारिश के बावजूद सात साल में सबसे प्रदूषित रहा July महीना

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर के विश्लेषण के अनुसार दिल्ली में सामान्य से अधिक बारिश के बावजूद इस वर्ष जुलाई का महीना पिछले सात वर्षों में सबसे प्रदूषित दर्ज किया गया। जुलाई के पहले 30 दिनों में दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 119 रहा, जो 2019 के बाद इस महीने का सबसे अधिक औसत है। इस अवधि में हवा की गुणवत्ता 15 दिन मध्यम, 12 दिन संतोषजनक, दो दिन खराब और एक दिन अच्छी श्रेणी में दर्ज की गई।
दिल्ली में जुलाई का महीना मौसम के उतार-चढ़ाव वाला रहा। एक तरफ जहां लगभग 10 साल में पहली बार हवा की गुणवत्ता ‘‘अच्छी’’ रही, वहीं दूसरी ओर पिछले सात साल में जुलाई का महीना सबसे अधिक प्रदूषित भी रहा। लंबे समय तक शुष्क मौसम के बाद कुछ तेज बारिश के कारण मानसूनी बारिश सामान्य से अधिक रही, लेकिन इसके बावजूद दिल्ली में सात वर्षों का सबसे प्रदूषित जुलाई दर्ज किया गया।
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के विश्लेषण के अनुसार, जुलाई के पहले 30 दिन में दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 119 रहा। यह 2019 के बाद जुलाई महीने का सबसे अधिक औसत है, जब एक्यूआई 134 दर्ज किया गया था। यह औसत पिछले साल जुलाई महीने के 78 के औसत से काफी अधिक था।
मासिक औसत भले खराब रहा हो, लेकिन दिल्ली में नौ साल में पहली बार जुलाई में हवा की गुणवत्ता ‘‘अच्छी’’ रही और एक्यूआई गिरकर 48 पर आ गया। यह जुलाई में दर्ज किया गया सबसे कम दैनिक न्यूनतम एक्यूआई था। इससे पहले 2017 में यह 43 तक पहुंच गया था।
दूसरी तरफ, जुलाई के महीने के दौरान एक्यूआई बढ़कर 261 हो गया जो जुलाई में पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक दैनिक अधिकतम एक्यूआई था। इससे पहले 2021 में यह 266 था। महीने के दौरान, दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 15 दिन ‘‘मध्यम’’, 12 दिन ‘‘संतोषजनक’’, दो दिन ‘‘खराब’’ और एक दिन ‘‘अच्छी’’ रही, जबकि एक भी दिन हवा की गुणवत्ता ‘‘बहुत खराब’’ नहीं दर्ज की गई।
सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मानसून की गतिविधि में लंबे समय तक रुकावट के बावजूद, अधिकतर मौसम केंद्रों पर इस महीने बारिश सामान्य से अधिक रही।
अन्य न्यूज़















