Delhi Weather: राजधानी में छाए रहेंगे बादल, IMD ने मध्यम बारिश के बीच जारी किया Yellow Alert

Delhi Weather
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। विभाग ने बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए चेतावनी जारी की है, जबकि शहर का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 75 दर्ज किया गया जो संतोषजनक श्रेणी में है।

दिल्ली में मंगलवार को बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

स्थानीय मौसम कार्यालय के मुताबिक इस दौरान न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है।

वहीं, लोधी रोड में तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के लिए सामान्य है। रिज में न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। वहीं, आयानगर में न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।

मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में शहर में चार मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान लोधी रोड में 4.8 मिमी और रिज में 6.9 मिमी बारिश हुई। पालम में मामूली बारिश दर्ज की गई, जबकि आयानगर में इस अवधि के दौरान बारिश नहीं हुई।

मौसम कार्यालय ने दिन में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 75 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़