Delhi Weather: राजधानी में चार साल बाद अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश, IMD Red Alert जारी

राजधानी में शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों में 61.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक वर्षा वाला दिन बन गया। इस बारिश से प्रदूषण के स्तर में भारी सुधार आया है और एक्यूआई 90 के साथ संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगे भी आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की संभावना जताते हुए कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी करते हुए राजधानी के कई हिस्सों में और बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने की चेतावनी दी है। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में 61.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस महीने अब तक कुल 123.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। दिल्ली में इससे पहले अक्टूबर के किसी एक दिन सबसे अधिक बारिश नौ अक्टूबर 2022 को दर्ज की गई थी, जब 74 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
उस साल अक्टूबर के पूरे महीने में शहर में कुल 128 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। और बारिश होने के आसार के बीच इस महीने बारिश का आंकड़ा इसके करीब पहुंच सकता है या इसे पार कर सकता है। आईएमडी ने बताया कि अगले तीन घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग का ‘रेड’ अलर्ट दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है, जबकि रिज में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है, जबकि आया नगर में यह 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे के बीच केंद्रवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार, झरोदा कलां में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसके बाद लोधी रोड में 63 मिलीमीटर और सफदरजंग में 56.5 मिलीमीटर बारिश हुई। झज्जर में 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि नारायणा में 44.5 मिलीमीटर बारिश हुई। पीतमपुरा में 42.5 मिलीमीटर, पूसा में 41.5 मिलीमीटर और गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में 41 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
प्रगति मैदान में 40.9 मिलीमीटर, गुरुग्राम में 36 मिलीमीटर, जनकपुरी में 35.5 मिलीमीटर, मुरादनगर में 35 मिलीमीटर और गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप विश्वविद्यालय में 30 मिलीमीटर बारिश हुई। मयूर विहार में नौ मिलीमीटर और जफरपुर में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नजफगढ़, महरौली, छतरपुर और गाजियाबाद के हिंडन के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।
बारिश से प्रदूषण से राहत मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 9.30 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 90 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के समीर ऐप पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शहर के 36 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 16 केंद्रों में यह ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।
सीपीसीबी के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के पैमाने के अनुसार, शून्य से 50 के बीच के स्तर को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच के स्तर को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।
अन्य न्यूज़













