केजरीवाल के आवास के पास पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मियों का प्रदर्शन

demonstration-of-cleaners-of-east-delhi-municipal-corporation-near-kejriwal-residence
[email protected] । Oct 4 2018 4:57PM

केजरीवाल ने ट्वीट किया कि सफाईकर्मी मेरे निवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा ने उन्हें गुमराह किया है। मैं उनसे बात करने जा रहा हूं और उनके सामने तथ्यों को पेश करूंगा।

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों पर जोर देने के लिए गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के पास प्रदर्शन किया। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वे 12 सितंबर से हड़ताल पर हैं। वे नियमित रूप से वेतन भुगतान और कर्मियों को स्थायी करने की मांग कर रहे हैं।

केजरीवाल ने ट्वीट किया कि "सफाईकर्मी मेरे निवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा ने उन्हें गुमराह किया है। मैं उनसे बात करने जा रहा हूं और उनके सामने तथ्यों को पेश करूंगा। मैं वास्तव में शहर में सफाई व्यवस्था तथा कर्मचारियों के बारे में चिंतित हूं। उन्हें अपने वेतन के लिए हर दो महीने में प्रदर्शन करना होता है।’’ एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इस मुद्दे को हल करने के लिए पूर्वी दिल्ली के मेयर और कर्मचारियों के एक नेता के बीच बैठक चल रही है।

दिल्ली सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय में कहा कि वह नगर निकायों के लिए दो दिनों के अंदर 500 करोड़ रुपये जारी करेगी। इससे सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण उत्पन्न संकट के हल में मदद मिलेगी। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि सफाई कर्मी मुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसा की कोई घटना नहीं हुयी है।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) में करीब 16,000 कर्मचारी हैं जिनमें से आधे स्थायी कर्मचारी हैं। 26 सितंबर को भाजपा नीत ईडीएमसी ने ठेके पर 31 मार्च 1998 के बाद भर्ती किए गए कर्मचारियों को स्थायी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया था। एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय गहलोत ने हालांकि कहा था कि इस प्रस्ताव के बारे में अधिकारियों द्वारा जरूरी पक्ष् तक कोई आश्वासन नहीं मिला है। इसलिए वे पूर्वी दिल्ली में अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़