बारिश के बावजूद बुलंदशहर में प्रचार, अब गाजियाबाद में डोर टू डोर कैंपेन, कुछ इस तरह प्रियंका ने UP में संभाल रखी है कांग्रेस की कमान

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी जी-तोड़ मेहनत कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण और रोजगार जैसे विषयों को आधार बनाते हुए कांग्रेस नेता सूबे में समर्थन जुटाने में लगे हैं। एक तरफ जहां उन्होंने बुलंदशहर में बारिश के बावजूद प्रचार किया तो आज गाजियाबाद में डोर-टू-डोर प्रचार कर रही हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने गाजियाबाद में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने संगठन को मजबूत करने के लिए बहुत काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछले 2 सालों में जमीन पर सिर्फ कांग्रेस ही दिखी है, कांग्रेस ने हर तरह का मुद्दा उठाया है। जनता के साथ सिर्फ कांग्रेस ही खड़ी हुई है।
इसे भी पढ़ें: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की बढ़ाई गई सुरक्षा, कार पर हुआ था हमला
इस बीच उन्होंने ट्विटर पर एक युवक के साथ बातचीत का वीडियो भी शेयर किया है, जो सेना में भर्ती होना चाहता है। प्रियंका ने गन्ना लेकर जा रहे नौजवान के ट्रैक्टर पर बैठक बातचीत की। जिसका वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि कल आपने उप्र के मुख्यमंत्री की झूठे आंकड़ों वाली प्रेस कांफ्रेंस देखी। अब देखिए जनता की प्रेस कांफ्रेंस। ये नौजवान किसान का बेटा है और आर्मी की भर्ती व अन्य भर्तियों को लेकर दुखी है। किसान और नौजवान की परेशानी बयां कर रहा है। यही है उत्तरप्रदेश की असली आवाज।
दुआ-सलाम वाला अंदाज वायरल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का बृहस्पतिवार को बुलंदशहर में आमना-सामना हुआ। दोनों नेताओं का काफिला जब अमने-सामने से गुजरा तो उन्होंने अपने-अपने वाहनों से हाथ हिलाकर दुआ-सलाम किया। दोनों नेताओं की इस दुआ-सलाम से उनके समर्थक काफी खुश नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अखिलेश ने अपने ट्विटर हैंडल से इस नजारे की फोटो साझा करते हुए लिखा है एक दुआ-सलाम ~ तहज़ीब के नाम। प्रियंका और अखिलेश का यह अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। सपा और कांग्रेस इस इस बार साथ मिलकर विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं लेकिन दोनों के बीच राजनीतिक तालमेल जरूर नजर आ रहा है। यही वजह है कि कांग्रेस ने करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। इसी तरह जसवंत नगर सीट पर भी कांग्रेस ने अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है।
अन्य न्यूज़















