'बैलेट पेपर लूटने वालों का सपना चकनाचूर हुआ', सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोले PM- EVM को बदनाम रहा विपक्ष

PM Modi
ANI
अंकित सिंह । Apr 26 2024 2:00PM

मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव भारत को आर्थिक और सामरिक रूप से शक्तिशाली बनाने के लिए है। इसमें, बिहार के आप सभी जागरूक भाई-बहनों की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि गुलामी के लंबे कालखंड से पहले जब बिहार समृद्ध था, तब भारत एक महाशक्ति था।

बिहार के अररिया में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अररिया और सुपौल का ये स्नेह मेरे लिए बहुत बड़ी ऊर्जा है, बहुत बड़ी शक्ति है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस कर्ज को उतारने के लिए मैं और ज्यादा मेहनत करूंगा और तीसरे कार्यकाल में आपके हित में, देश के हित में और ज्यादा बड़े फैसले देश लेने वाला है। उन्होंने कहा कि आज दूसरे चरण का मतदान भी चल रहा है। ये लोकतंत्र का महापर्व है। मेरी सभी मतदाताओं से, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट डालने के लिए जाएं।

इसे भी पढ़ें: SC EVM VVPAT Case Verdict | सुप्रीम कोर्ट ने वीवीपैट पर्चियों से ईवीएम वोटों के 100 फीसदी सत्यापन की याचिका खारिज की

मोदी ने कहा कि 2024 का ये चुनाव भारत को आर्थिक और सामरिक रूप से शक्तिशाली बनाने के लिए है। इसमें, बिहार के आप सभी जागरूक भाई-बहनों की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि गुलामी के लंबे कालखंड से पहले जब बिहार समृद्ध था, तब भारत एक महाशक्ति था। आज जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने के लिए चल पड़ा है, तो बिहार की भी इसमें बहुत बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि RJD और कांग्रेस के INDI गठबंधन को न देश के संविधान की परवाह है और न ही लोकतंत्र की परवाह है। ये वो लोग हैं, जिन्होंने दशकों तक बैलेट पेपर के बहाने लोगों का, गरीबों का अधिकार छीना। पोलिंग बूथ लूट लिए जाते थे, बैलेट पेपर लूट लिए जाते थे।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर मोदी ने कहा कि अब जब गरीबों को, देश के ईमानदार मतदाता को EVM की ताकत मिली है, तो ये जो चुनाव के दिन लूट चलाते थे, वोट हड़पने के खेल खेलते थे, अभी भी वो परेशान है। इसलिए उनका दिनरात यही काम रहता है कि कैसे भी करके EVM हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन के हर नेता ने EVM को लेकर जनता के मन में संदेह पैदा करने का पाप किया है। लेकिन आज देश के लोकतंत्र और बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान की ताकत देखिए, आज सुप्रीम कोर्ट ने मतपेटियों को लूटने का इरादा रखने वालों को ऐसा गहरा झटका दिया है कि उनके सारे सपने चूर-चूर हो गए हैं।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि आज सुप्रीम कोर्ट ने साफ-साफ कह दिया है कि बैलेट पेपर वाला पुराना दौर वापस लौटकर नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र की, भारत की चुनाव प्रक्रिया की, चुनाव में टेक्नोलॉजी के उपयोग की वाहवाही करती है, तब ये लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए EVM को बदनाम करने पर लगे पड़े थे। इन्होंने लोकतंत्र के साथ लगातार विश्वासघात करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि आज देश में राजनीति की दो मुख्य धाराएं बन गई हैं। एक धारा BJP और NDA की है, जिसका मकसद है देश के लोगों को सशक्त करना, हर लाभार्थी के दरवाजे तक खुद जाकर उसे लाभ पहुंचाना। इसके विपरीत एक और धारा है- कांग्रेस और RJD की।  इंडी गठबंधन वालों का मकसद है, देश के लोगों से छीनना, उन्हें तरसा कर रखना और अपनी तिजोरी भरना।

इसे भी पढ़ें: हमारे कुछ सवाल थे और हमें जवाब मिल गए... VVPAT वेरिफिकेशन पर 40 मिनट हुई सुनवाई और फिर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित,

मोदी ने कहा कि बहनों-बेटियों के जीवन को आसान बनाना NDA की प्राथमिकता है। बहनों को उनकी सुविधा के लिए नल से जल मिला है, शौचालय मिला है, मुफ्त बिजली कनेक्शन मिले हैं। NDA सरकार की मुफ्त राशन की योजना ने हमारी माताओं-बहनों-बेटियों की बहुत बड़ी चिंता समाप्त कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और RJD आपका हक छीनने की प्रव्रत्ति से बाज नहीं आ रहे हैं। अब कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के आरक्षण का हक छीनने की बहुत गहरी साजिश रची है। देश के संविधान ने साफ-साफ कहा है कि भारत में धर्म आधारित आरक्षण नहीं हो सकता। लेकिन, कांग्रेस पूरे देश में धर्म आधारित आरक्षण के लिए जोर लगा रही है। कांग्रेस चाहती है कि उसका कर्नाटक का आरक्षण मॉडल पूरे देश में लागू हो।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़