पहले शिवराज सिंह चौहान बोलते थे, अब सिंधिया ने कांग्रेस को चुनौती देने के अंदाज में कहा...टाइगर अभी जिंदा है

scidhia

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ‘‘कांग्रेस को मैं पूर्ण रूप से जवाब दूंगा और इसमें कोई दो राय नहीं हैं। पर अभी इतना ही कहना चाहता हूं मैं, खासकर कमलनाथ जी को और दिग्विजय सिंह जी को कि टाइगर अभी जिंदा है।’

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के 15 माह के शासन में प्रदेश में भ्रष्टाचार का माहौल था और जो (कांग्रेस नेता) लोगों का चरित्र खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि ‘‘टाइगर अभी जिंदा है।’’ राज्य मंत्रिपरिषद के विस्तार के बाद एक समाचार चैनल से बात करते हुए सिंधिया ने कहा, ‘‘कांग्रेस को मैं पूर्ण रूप से जवाब दूंगा और इसमें कोई दो राय नहीं हैं। पर अभी इतना ही कहना चाहता हूं मैं, खासकर कमलनाथ जी को और दिग्विजय सिंह जी को कि टाइगर अभी जिंदा है।’’ उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता बहुत जागरूक है और वह अच्छी तरह से जानती है कि कांग्रेस सरकार के 15 महीनों के शासन में भ्रष्टाचार का माहौल व्याप्त था और जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। 

इसे भी पढ़ें: सिंधिया, संगठन और शिवराज के सामंजस्य पर मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल ने ली शपथ

सिंधिया ने प्रदेश मे 24 विधानसभा सीटों के उपचुनाव की चुनौती के सवाल पर कहा, ‘‘शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने हमेशा लोगों की सेवा का रास्ता अपनाया है। मुझे पूरा विश्वास कि 24 की 24 सीटों में जनसेवकों की भाजपा का झंडा बुलंद होगा और पूर्ण रूप से 15 महीने चली भ्रष्टों की पूर्व सरकार को जवाब मेरी जनता देगी। न्याय के रास्ते पर चलना हम सब का धर्म बनता है और अगर उसके लिए युद्ध भी करना हो तो उसके लिए प्रथम पंक्ति में ज्योतिरादित्य सिंधिया सदैव रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब जो पिछले दो महीनों से ये लोग (कांग्रेस नेता) बार-बार कोशिश कर रहे हैं, लोगों के चरित्र को धूमिल करने के लिए, मैं उनको कहना चाहता हूं कि टाइगर अभी जिंदा है।’’ ताजा मंत्रिपरिषद के विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन नहीं करने और कई वरिष्ठ नेताओं को स्थान नहीं दिए जाने के सवाल पर भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वर्तमान में राजनीति में एक तरीके से सब लोगों की रुचि और इच्छा मंत्री पद के प्रति होती है। ये मंत्री पद एक तोहफा नहीं हैं। ये मंत्री पद एक ज़िम्मेदारी हैं जो प्रदेश और राष्ट्र का नेतृत्व एक-एक जनसेवक को देता है। आज जो लोग मंत्री बने हैं, वे मंत्री कम और जनसेवक ज्यादा की भावना से कार्य करें।’’

इसे भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार गुरूवार सुबह, सत्ता और संगठन में सबकुछ ठीक नहीं

सिंधिया राजवंश के वंशज ने कहा, ‘‘चाहे मेरे पूज्य पिता जी रहे हों या मैं हूं। न्याय का रास्ता अपनाना, सत्य का रास्ता अपनाना सदैव सिंधिया परिवार का प्रण और संकल्प रहा है।’’ वह आज सुबह विशेष विमान से मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार समारोह में शामिल होने यहां पहुंचे। आज के विस्तार में 28 मंत्री जिनमें 20 कैबिनेट और आठ राज्यमंत्री हैं, शामिल किए गए। इनमें 12 कांग्रेस के पूर्व विधायकों को भी मंत्री बनाया गया है। मार्च माह में कांग्रेस के 22 विधायक कांग्रेस विधायक पद से त्यापपत्र देकर और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। इससे प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार गिर गयी थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़