Tamil Nadu चुनाव: Voting Percentage का असली आंकड़ा आएगा, Election Commission जारी करेगा Final Data

Tamil Nadu
ANI

भारत निर्वाचन आयोग तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान का अंतिम और सटीक आंकड़ा जारी करेगा, जो पहले घोषित अनंतिम आंकड़ों से भिन्न होगा। यह रिपोर्ट प्रपत्र 17सी पर आधारित होगी और इसमें पुरुष, महिला व ट्रांसजेंडर मतदाताओं का विवरण भी शामिल होगा।

भारत निर्वाचन आयोग तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान मताधिकार का इस्तेमाल करने वाले मतदाताओं का सटीक आंकड़ा जारी करेगा। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में पुरुष, महिला और ट्रांसजेंडर मतदाताओं का अलग-अलग विवरण भी शामिल होगा। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान हुआ था और मतगणना चार मई को होगी।

इसके अलावा, यहां आयोग के प्राधिकारी उन सभी सुरक्षित कक्षों का निरीक्षण करेंगे जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और ‘वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल’ (वीवीपैट) मशीन रखी गई हैं। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा कि मतदान के दिन जारी 85.15 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा अंतिम नहीं है और यह कुछ मतदान केंद्रों से प्राप्त आंकड़ों पर आधारित था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पड़े वास्तविक मतों की संख्या प्रपत्र 17सी में औपचारिक रूप से दर्ज की जाती है जिसका मिलान भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय में उपलब्ध आंकड़ों से किया जाएगा।

चुनाव अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह से सभी जिलों का दौरा कर कुल मतदाताओं की संख्या की समीक्षा शुरू कर दी है। अधिकारी ने कहा कि शनिवार को जारी होने वाली कुल मतदान संख्या में डाक मतपत्रों से प्राप्त मतदान के आंकड़े शामिल नहीं होंगे।

इन आंकड़ों को अलग से संकलित किया जाता है और अंतिम आधिकारिक गणना में जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में अब तक करीब 4.18 लाख डाक मत दर्ज किए गए हैं। अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी उन सभी सुरक्षित कक्षों का स्वयं निरीक्षण करेंगे, जहां ईवीएम और वीवीपैट रखे गए हैं ताकि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जा सके।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़