KPSC भर्ती मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष व IAS अधिकारी की 1.22 करोड़ की संपत्ति जब्त

KPSC भर्ती मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष व IAS अधिकारी की 1.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

प्रवर्तन निदेशालय ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग भर्ती से जुड़े धनशोधन मामले में निलंबित अध्यक्ष, पूर्व सदस्य और एक आईएएस अधिकारी की चल-अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। यह कार्रवाई पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़ी जांच के तहत हुई है। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपियों ने अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले भारी नकदी और अन्य सुविधाएं ली थीं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के एक मामले की जांच के तहत कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के निलंबित अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार, आयोग की पूर्व सदस्य बी. वी. गीता और भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार की 1.22 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। ईडी ने शनिवार को एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई केपीएससी भर्ती घोटाले की जांच के तहत की गई। कुर्क की गई संपत्तियों में साहूकार, गीता और गंगवार की चल एवं अचल संपत्तियां शामिल हैं।

गंगवार कथित घोटाले के समय केपीएससी में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात थे। ईडी ने इस संबंध में धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने इस मामले की जांच राज्य पुलिस द्वारा पशु चिकित्सा अधिकारियों के 400 पदों पर भर्ती के लिए केपीएससी की ओर से आयोजित परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज की गईं कई प्राथमिकियों के आधार पर शुरू की थी।

इस मामले में साहूकार, गीता, गंगवार और कथित बिचौलिए बसवराज कन्नाले को गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने आरोप लगाया कि साहूकार के कहने पर गंगवार ने बैठने की व्यवस्था और प्रश्नों के मिश्रित चार्ट का इस्तेमाल कर छह अभ्यर्थियों को 80 सवालों के सही जवाब उपलब्ध कराए थे। इन अभ्यर्थियों के पंजीकरण नंबर गीता ने उन्हें दिए थे।

ईडी ने कहा, “इसके बदले तत्कालीन अध्यक्ष (साहूकार) ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनकी पसंद के एक अभ्यर्थी को कर्नाटक प्रशासनिक सेवा की परीक्षा के साक्षात्कार में अनुकूल अंक दिलाए जाएंगे।” जांच एजेंसी ने आरोप लगाया कि साहूकार ने 20 लाख रुपये के सौदे के तहत एक अभ्यर्थी से 10 लाख रुपये नकद लिए थे, जबकि गीता ने 40 लाख रुपये के सौदे के तहत एक अन्य अभ्यर्थी से 20 लाख रुपये नकद वसूले थे। ईडी ने बताया कि नकदी के अलावा रिश्वत की रकम भाल्की (बीदर) स्थित सहकारी बैंक ओम लक्ष्मी सौहार्द सहकारी संघ नियमित के खातों और अन्य लोगों के बैंक खातों के जरिए भी ली गई थी। जांच एजेंसी ने दावा किया कि बिचौलिए कन्नाले ने तीसरे पक्ष के बैंक खातों के जरिए गंगवार, उनके परिवार और दोस्तों की हवाई यात्रा पर हुए 13.31 लाख रुपये के खर्च का भुगतान किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़